सारण में जनगणना 2027 का उत्तर-पश्चिम दिशा से शुरू होगा हाउस नंबरिंग का काम
सारण, 02 मई (हि.स.)। जिलाधिकारी वैभव श्रीवास्तव ने आज जनगणना 2027 के प्रथम चरण को सफलतापूर्वक संपन्न कराने के लिए जिले के सभी चार्ज अधिकारियों, एडीएम और डीआईओ के साथ समीक्षा बैठक की।
जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि जनगणना एक महत्वपूर्ण राष्ट्रीय कार्य है और इसमें किसी भी स्तर पर कोताही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। बैठक में निर्देश दिया गया कि प्रत्येक चार्ज में भवन संख्यांकन का कार्य अनिवार्य रूप से उत्तर-पश्चिम दिशा से शुरू किया जाए। प्रगणक आज से ही फील्ड में हाउस मार्किंग सुनिश्चित करेंगे।
डीएम ने जोर दिया कि प्रगणकों के नियुक्ति पत्र, पहचान पत्र और एचएलबी मानचित्र के विवरण में कोई विसंगति नहीं होनी चाहिए। 02 मई से 31 मई 2026 तक चलने वाले इस पहले चरण में प्रगणक घर-घर जाकर 33 महत्वपूर्ण प्रश्नों के उत्तर मांगेंगे। बेहतर निगरानी के लिए पंचायत और वार्ड स्तर पर नोडल अधिकारियों की तैनाती की गई है।
साथ ही तकनीकी समस्याओं के समाधान हेतु प्रत्येक चार्ज में क्विक रिस्पांस टीम सक्रिय रहेगी।जिलाधिकारी ने आम जनता से अपील की है कि वे प्रगणकों का सहयोग करें और सही जानकारी प्रदान करें। जिला स्तर पर कंट्रोल रूम के माध्यम से कार्यों की दैनिक प्रगति की रियल-टाइम मॉनिटरिंग की जाएगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय कुमार

