17 अप्रैल से होगा मकान के सूचीकरण और गणना का कार्य, डीएम ने सभी लोगों से की भागीदारी निभाने की अपील

WhatsApp Channel Join Now
17 अप्रैल से होगा मकान के सूचीकरण और गणना का कार्य, डीएम ने सभी लोगों से की भागीदारी निभाने की अपील


भागलपुर, 16 अप्रैल (हि.स.)। बिहार में 17 अप्रैल से 1 मई तक मकान के सूचीकरण और गणना के कार्य को लेकर भागलपुर जिलाधिकारी डॉक्टर नवल किशोर चौधरी ने गुरुवार को बताया कि यह पूरी प्रक्रिया ऑनलाइन होगी जो पोर्टल के माध्यम से किया जाएगा, जिससे कार्य में पारदर्शिता और सुगमता सुनिश्चित की जा सके।

डीएम ने बताया कि नागरिकों को 1 मई तक आधिकारिक पोर्टल http://se.census.gov.in पर जाकर अपना मोबाइल नंबर दर्ज करते हुए स्व-गणना ( सेल्फ एन्यूमरेशन ) के कार्य को पूरी पारदर्शिता के साथ करना है। जिसके बाद ओटीपी के माध्यम से इसका सत्यापन किया जाएगा। डीएम ने बताया कि कुल 33 प्रकार के प्रश्न पूछे जाएंगे जिसका सही-सही जवाब देना है।

इस दौरान घर के मुखिया अपने घर और सुविधाओं से संबंधित विवरण को भी इस पोर्टल पर दर्ज कर सकेंगे। डीएम ने कहा कि जब तक भरी गई जानकारी को अंतिम रूप से सबमिट नहीं किया जाएगा तब तक उसमें सुधार किया जा सकता है। सभी जानकारी सबमिट होने के बाद एक यूनिक आईडी जेनरेट होगा। जिसे सुरक्षित रखना अनिवार्य है। डीएम ने जिले के सभी नागरिकों से अपील करते हुए कहा कि इस प्रक्रिया में अवश्य भाग लें। जिससे सटीक और सही आंकड़े जिला प्रशासन के साथ-साथ राज्य सरकार को मुहैया कराया जा सके।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / बिजय शंकर

Share this story