अस्पताल के वैन से 60 किलो गांजा की बरामदगी, स्वास्थ्य सेवा की आड़ में तस्करी,चालक फरार

WhatsApp Channel Join Now
अस्पताल के वैन से 60 किलो गांजा की बरामदगी, स्वास्थ्य सेवा की आड़ में तस्करी,चालक फरार


अररिया 02 सितम्बर(हि.स.)। जोगबनी से सटे सीमा पर नेपाल के विराटनगर में दिव्य ज्योति अस्पताल प्रा.लि. लिखी एक वैन से करीब 60 किलो गांजा बरामद किया गया।

इस वैन का इस्तेमाल भारत से मरीज लाने-ले जाने के लिए किया जाता है। इस गाड़ी से भारी मात्रा में नशीला पदार्थ मिलने के बाद इस घटना ने गंभीर सवाल खड़े कर दिए है।

विराटनगर महानगरपालिका -16 दरैया स्थित कोलर चौक पर सशस्त्र प्रहरी बल नेपाल, बीओपी दरैया की एपीएफ टीम ने कोच 6620 नंबर की सुजुकी वैन को रोककर जांच करने की कोशिश की। जांच होते देख चालक गाड़ी छोड़कर फरार हो गया। इसके बाद तलाशी लेने पर वैन के अंदर दो बोरों में अनुमानित 60 किलो गांजा बरामद किया गया।

वैन पर दिव्य ज्योति अस्पताल प्रा.लि. लिखा हुआ है। अस्पताल के नाम वाली गाड़ी से इतनी बड़ी मात्रा में गांजा मिलने के बाद अब जांच का दायरा चालक के साथ अस्पताल प्रबंधन कमिटी तक में जुड़ गया है।

पुलिस अब वैन के असली मालिक कौन है। अस्पताल से इसके क्या संबंध है और गांजा तस्करी में और कौन-कौन लोग शामिल है, का पता लगाने में जुट गई है।

सीमावर्ती इलाके में मरीज ढोने के नाम पर चलने वाली ऐसी गाड़ियां पहले भी संदिग्ध गतिविधियों में पकड़ी जाती रही है। चश्मा, लेंस व दवाओं की तस्करी के मामले भी सामने आ चुके हैं।

इस घटना से साफ है कि स्वास्थ्य सेवा की आड़ में होने वाले संभावित अवैध कारोबार पर और कड़ी निगरानी की जरूरी है।

हिन्दुस्थान समाचार / राहुल कुमार ठाकुर

Share this story