सरकारी अस्पतालों में ओपीडी सेवा बंद, इलाज कराने पहुंचे मरीज परेशान

WhatsApp Channel Join Now
सरकारी अस्पतालों में ओपीडी सेवा बंद, इलाज कराने पहुंचे मरीज परेशान


सरकारी अस्पतालों में ओपीडी सेवा बंद, इलाज कराने पहुंचे मरीज परेशान


सुपौल, 22 सितंबर (हि.स.)। जिले के सदर अस्पताल समेत विभिन्न सरकारी अस्पतालों में मंगलवार को ओपीडी सेवा बंद रहने से इलाज कराने पहुंचे मरीजों और उनके परिजनों को परेशानी का सामना करना पड़ा। जिले के दूर-दराज क्षेत्रों से बड़ी संख्या में मरीज सुबह ही अस्पताल पहुंचे थे, लेकिन ओपीडी बंद मिलने के बाद कई मरीजों को बिना इलाज कराए वापस लौटना पड़ा।

मरीजों ने बताया कि वे काफी दूर से वाहन का किराया खर्च कर इलाज की उम्मीद में अस्पताल पहुंचे थे। अस्पताल पहुंचने में कई लोगों को घंटों का समय लगा। ओपीडी सेवा बंद मिलने के बाद उन्हें निराश होकर लौटना पड़ा। मरीजों का कहना था कि तबीयत खराब होने के बावजूद नियमित चिकित्सकीय जांच और उपचार नहीं मिल सका। अस्पताल परिसर में ओपीडी बंद रहने के कारण इलाज कराने आए मरीज और उनके परिजन इधर-उधर भटकते नजर आए। कुछ मरीजों ने अस्पताल प्रबंधन से वैकल्पिक व्यवस्था उपलब्ध कराने की मांग की। उनका कहना था कि चिकित्सकों से जुड़े किसी विवाद का खामियाजा मरीजों को नहीं भुगतना चाहिए।

बताया जा रहा है कि पिछले दिनों सहरसा में पत्रकारों के साथ कथित मारपीट की घटना के बाद दो चिकित्सकों के तबादले का मामला सामने आया था। इसी तबादले के विरोध में चिकित्सकों की ओर से पटना वापस आने की मांग को लेकर ओपीडी सेवा बंद किए जाने की बात कही जा रही है।

ओपीडी सेवा बाधित होने का सीधा असर अस्पताल में इलाज कराने पहुंचे आम मरीजों पर पड़ा। दूर-दराज से आए मरीजों ने मांग की कि चिकित्सकों से जुड़े विवाद का जल्द समाधान किया जाए, ताकि सरकारी अस्पतालों में नियमित ओपीडी सेवा बहाल हो सके और मरीजों को बिना इलाज कराए वापस नहीं लौटना पड़े।

हिन्दुस्थान समाचार / विनय कुमार मिश्र

Share this story