वीरपुर अनुमंडल अस्पताल में सुरक्षित मातृत्व अभियान के तहत 87 गर्भवती महिलाओं की हुई जांच

WhatsApp Channel Join Now
वीरपुर अनुमंडल अस्पताल में सुरक्षित मातृत्व अभियान के तहत 87 गर्भवती महिलाओं की हुई जांच


सुपौल, 09 जून (हि.स.)। प्रधानमंत्री सुरक्षित मातृत्व अभियान के तहत मंगलवार को वीरपुर अनुमंडल अस्पताल में विशेष स्वास्थ्य जांच शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में खबर भेजे जाने तक 87 गर्भवती महिलाओं की स्वास्थ्य जांच कर उन्हें आवश्यक चिकित्सकीय परामर्श, दवाएं एवं स्वास्थ्य संबंधी जानकारी प्रदान की गई।

अस्पताल परिसर में गर्भवती महिलाओं की सुविधा के लिए विभिन्न जांच काउंटर बनाए गए थे। प्रशिक्षित एएनएम और स्वास्थ्यकर्मियों ने स्वास्थ्य कार्ड की जांच के साथ आवश्यक चिकित्सकीय परीक्षण किए।

शिविर में महिलाओं की लंबी कतारें देखी गईं और स्वास्थ्यकर्मियों ने व्यवस्थित तरीके से सभी जांच प्रक्रियाएं पूरी कराईं।

अनुमंडल अस्पताल के उपाधीक्षक डॉ. सुशील कुमार ने बताया कि केंद्र और राज्य सरकार के निर्देशानुसार प्रत्येक माह की नौ तारीख को प्रधानमंत्री सुरक्षित मातृत्व अभियान के तहत विशेष जांच शिविर आयोजित किया जाता है। इसका उद्देश्य गर्भवती महिलाओं और गर्भस्थ शिशु के स्वास्थ्य की नियमित निगरानी कर सुरक्षित मातृत्व सुनिश्चित करना है।

शिविर के दौरान ब्लड प्रेशर, ब्लड शुगर, हीमोग्लोबिन, एचआईवी, हेपेटाइटिस, यूरिन जांच और ब्लड ग्रुप सहित गर्भावस्था से संबंधित सभी आवश्यक जांचें निःशुल्क की गईं। जांच के बाद महिलाओं को आवश्यक दवाएं भी उपलब्ध कराई गईं।

चिकित्सकों ने गर्भवती महिलाओं को नियमित स्वास्थ्य जांच कराने, पौष्टिक एवं संतुलित आहार लेने, आयरन और कैल्शियम की दवाओं का सेवन करने तथा किसी भी प्रकार की स्वास्थ्य समस्या होने पर तुरंत चिकित्सकीय सलाह लेने की हिदायत दी।

उन्होंने कहा कि नियमित जांच से गर्भावस्था के दौरान संभावित जोखिमों की समय रहते पहचान कर सुरक्षित प्रसव सुनिश्चित किया जा सकता है।

कार्यक्रम के दौरान जांच के बाद महिलाओं के लिए नाश्ता और स्वच्छ पेयजल की व्यवस्था भी की गई थी।

शिविर में डॉ. शैलेन्द्र दीपक, डॉ. एस. रहमान, एएनएम, लैब टेक्नीशियन सहित अन्य स्वास्थ्य कर्मियों ने सक्रिय भूमिका निभाई। स्वास्थ्य विभाग ने अभियान को मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य के लिए महत्वपूर्ण पहल बताते हुए अधिक से अधिक गर्भवती महिलाओं से इसका लाभ उठाने की अपील की।

हिन्दुस्थान समाचार / विनय कुमार मिश्र

Share this story