कटिहार सड़क हादसे पर पूर्व डिप्टी सीएम तारकिशोर प्रसाद ने जताया शोक
कटिहार, 11 अप्रैल (हि.स.)। बिहार के पूर्व उप मुख्यमंत्री सह कटिहार विधायक तारकिशोर प्रसाद ने कोढ़ा प्रखंड के बसगड़ा चौक NH-31 पर हुई भीषण सड़क दुर्घटना पर गहरा दुःख व्यक्त किया है। हादसे में 10 लोगों की असामयिक मृत्यु से मर्माहत श्री प्रसाद ने शोक संतप्त परिजनों के प्रति गहरी संवेदना प्रकट की।
उन्होंने कहा, कोढ़ा के बसगड़ा चौक पर हुई यह दुर्घटना अत्यंत हृदयविदारक है। जिन परिवारों ने अपनों को खोया है, उनके प्रति मेरी गहरी सहानुभूति है। ईश्वर दिवंगत आत्माओं को शांति प्रदान करें और परिजनों को यह अपार दुःख सहने की शक्ति दें।
पूर्व उप मुख्यमंत्री ने घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की। उन्होंने दूरभाष पर स्थानीय प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों से बात कर घायलों को बेहतर चिकित्सा सुविधा देने का निर्देश दिया और कहा कि इलाज में किसी तरह की कोताही न बरती जाए।
तारकिशोर प्रसाद ने जिला प्रशासन से मृतकों के परिजनों को सरकारी प्रावधानों के तहत अविलंब अनुग्रह राशि उपलब्ध कराने का आग्रह किया। साथ ही परिवहन विभाग और स्थानीय पुलिस को निर्देश दिया कि क्षेत्र में सड़क सुरक्षा नियमों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित कराएं ताकि भविष्य में ऐसी दुखद घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / विनोद सिंह

