होली और वित्तीय वर्ष समापन पर जिले में सघन वाहन जांच अभियान शुरू
सुपौल, 01 मार्च (हि.स.)। होली पर्व एवं वित्तीय वर्ष 2025–26 की समाप्ति के मद्देनजर जिले में राजस्व संग्रहण को सुदृढ़ करने तथा सड़क सुरक्षा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से परिवहन विभाग द्वारा विशेष सघन वाहन जांच अभियान प्रारंभ किया गया है।
इस अभियान के तहत प्रवर्तन शाखा के अधिकारियों एवं कर्मियों की अलग–अलग टीमों का गठन कर जिले के विभिन्न महत्वपूर्ण स्थलों, मुख्य सड़कों, शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों, बाजारों तथा संवेदनशील स्थानों पर प्रतिनियुक्ति की गई है।
अभियान का मुख्य उद्देश्य आमजन की सुरक्षा, विधि–व्यवस्था का संधारण तथा सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम है। विशेष रूप से होली के दौरान बाइकर गैंग की गतिविधियों, नशे की हालत में वाहन संचालन, बिना हेलमेट दोपहिया वाहन चलाने, बिना सीट बेल्ट चारपहिया वाहन चलाने, ओवरलोडिंग, बिना वैध कागजात के वाहन परिचालन तथा नाबालिगों द्वारा वाहन संचालन के मामलों पर विशेष नजर रखी जाएगी।
परिवहन विभाग ने स्पष्ट किया है कि मोटरयान अधिनियम के अंतर्गत सभी प्रवर्तन पदाधिकारियों को वैधानिक अधिकार प्राप्त हैं। नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के विरुद्ध नियमानुसार आर्थिक दंड अधिरोपित किया जाएगा तथा आवश्यकता पड़ने पर संबंधित वाहन को विधि–सम्मत प्रावधानों के तहत जब्त भी किया जा सकता है।
होली पर्व के दौरान शराब या अन्य मादक पदार्थों का सेवन कर वाहन चलाने वालों पर विशेष सख्ती बरती जाएगी। ऐसे मामलों में शून्य सहनशीलता की नीति अपनाते हुए कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
इसके अतिरिक्त, बिना हेलमेट दोपहिया वाहन चलाना, तीन सवारी बैठाना, बिना सीट बेल्ट वाहन चलाना, मोबाइल फोन का उपयोग करते हुए वाहन संचालन करना तथा तेज गति और लापरवाही से वाहन चलाने वालों के विरुद्ध भी विशेष जांच की जा रही है। साथ ही यह सुनिश्चित किया जा रहा है कि सार्वजनिक परिवहन वाहनों का परिचालन सभी आवश्यक मानकों एवं सुरक्षा नियमों के अनुरूप हो।
परिवहन विभाग ने सभी वाहन चालकों से अपील की है कि वे अपने वाहन के आवश्यक दस्तावेज—ड्राइविंग लाइसेंस, निबंधन प्रमाण पत्र, बीमा, फिटनेस एवं प्रदूषण प्रमाण पत्र—अद्यतन रखें और यातायात नियमों का पालन करें।
जिला परिवहन पदाधिकारी डॉ. संजीव कुमार सज्जन ने कहा कि यह अभियान केवल राजस्व संग्रहण तक सीमित नहीं है, बल्कि आमजन के जीवन की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है। सड़क सुरक्षा एक सामूहिक जिम्मेदारी है और सभी नागरिकों के सहयोग से ही दुर्घटनाओं पर प्रभावी नियंत्रण संभव है।
उन्होंने कहा कि होली पर्व के दौरान विभाग पूर्णतः सक्रिय एवं सतर्क रहेगा तथा कानून–व्यवस्था एवं यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों को किसी भी स्थिति में बख्शा नहीं जाएगा। आमजन से अपील की गई है कि वे सुरक्षित एवं जिम्मेदार तरीके से वाहन चलाएं और शांतिपूर्ण, सुरक्षित एवं आनंदमय होली मनाने में प्रशासन का सहयोग करें।
हिन्दुस्थान समाचार / विनय कुमार मिश्र

