फूल और सब्जियों से प्राकृतिक गुलाल तैयार कर रही महिलाएं

WhatsApp Channel Join Now
फूल और सब्जियों से प्राकृतिक गुलाल तैयार कर रही महिलाएं


भागलपुर, 24 फ़रवरी (हि.स.)। होली आने में अब बस कुछ ही दिन शेष रह गए हैं। बाजार रंग-बिरंगे गुलाल से पट चुके हैं। लेकिन इन चमकदार रंगों के पीछे छिपे केमिकल का डर भी लोगों को सता रहा है।

ऐसे में भागलपुर की उद्यमी महिला प्रिया सोनी और महिलाएं इस बार होली को खास और सुरक्षित बनाने की अनोखी मिसाल पेश कर रही हैं। यहां महिलाएं पलाश और गेंदा के फूलों के साथ चुकंदर, हल्दी और पालक जैसी सब्जियों से प्राकृतिक गुलाल तैयार कर रही हैं। इन रंगों की खासियत यह है कि ये पूरी तरह से केमिकल मुक्त हैं और त्वचा और आंखों को किसी तरह का नुकसान नहीं पहुंचाते। रंग भी ऐसे कि एक बार लग जाए तो खुशियों की तरह खिल उठे चेहरा।

महिलाओं का कहना है कि बाजार में बिकने वाले सस्ते और चमकीले रंग कई बार एलर्जी और त्वचा रोग का कारण बन जाते हैं। इसलिए उन्होंने खुद आगे बढ़कर सुरक्षित विकल्प तैयार किया है। उनकी यह पहल अब धीरे-धीरे लोगों को भी जागरूक कर रही है और प्राकृतिक गुलाल की मांग बढ़ने लगी है। इस अनोखी पहल से जहां एक ओर लोग सुरक्षित होली खेल सकेंगे, वहीं महिलाओं को स्वरोजगार का नया जरिया भी मिल रहा है। कह सकते हैं कि इस बार भागलपुर में होली सिर्फ रंगों की नहीं बल्कि सेहत और जागरूकता की भी होगी।

हिन्दुस्थान समाचार / बिजय शंकर

Share this story