होली को लेकर शांति समिति की बैठक, डीजे पर प्रतिबंध

WhatsApp Channel Join Now
होली को लेकर शांति समिति की बैठक, डीजे पर प्रतिबंध


कटिहार, 26 फरवरी (हि.स.)। जिला प्रशासन ने होली के त्योहार को शांति और सौहार्दपूर्ण वातावरण में मनाने के लिए शांति समिति की बैठक आयोजित की। बैठक में जिलाधिकारी आशुतोष द्विवेदी और पुलिस अधीक्षक शिखर चौधरी ने जनप्रतिनिधियों और पदाधिकारियों के साथ चर्चा की।

बैठक में डीजे को पूर्णतः प्रतिबंधित करने, रंग अबीर न छिड़कने, और शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए पर्याप्त संख्या में दंडाधिकारी और पुलिस पदाधिकारी तैनात करने का निर्णय लिया गया।

जनप्रतिनिधियों ने अपने-अपने क्षेत्रों में शांति और सौहार्द बनाए रखने का आश्वासन दिया। डीएम ने कहा कि कटिहार में सभी त्योहार शांतिपूर्ण ढंग से मनाए जाते हैं और आगामी होली त्योहार भी शांतिपूर्ण वातावरण में मनाया जाएगा।

पुलिस अधीक्षक ने कहा कि डीजे में अश्लील गाने के बजाने के कारण अक्सर विवाद उत्पन्न हो जाता है, इसलिए डीजे को पूर्णतः प्रतिबंधित किया गया है। उन्होंने जनप्रतिनिधियों से अपने क्षेत्रों में डीजे के उपयोग नहीं करने संबंध लोगों और युवा वर्ग को जागरूक करने का अनुरोध किया।

डीएम ने कहा कि शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए पर्याप्त संख्या में दंडाधिकारी और पुलिस पदाधिकारी तैनात किए जाएंगे। उन्होंने सभी संबंधित दंडाधिकारियों और पुलिस पदाधिकारियों को अपने प्रतिनियुक्ति वाले स्थान पर स-समय पर उपस्थित रहने का निर्देश दिया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विनोद सिंह

Share this story