रेलवे स्टेशन और बस स्टैंडों पर 2579 लोगों की हुई एचआईवी जांच, नौ मिले रिएक्टिव

WhatsApp Channel Join Now
रेलवे स्टेशन और बस स्टैंडों पर 2579 लोगों की हुई एचआईवी जांच, नौ मिले रिएक्टिव


रेलवे स्टेशन और बस स्टैंडों पर 2579 लोगों की हुई एचआईवी जांच, नौ मिले रिएक्टिव


सीवान, 21 नवंबर (हि.स.)। दुर्गापूजा, दीपावली और छठ महापर्व के दौरान दूसरे प्रदेशों से घर लौटने वाले प्रवासियों और अन्य लक्षित आबादी की स्वास्थ्य सुरक्षा को लेकर स्वास्थ्य विभाग ने विशेष अभियान चलाया।

इसके तहत 26 अक्तूबर से 20 नवंबर तक रेलवे स्टेशनों और बस स्टैंडों पर करीब 17 विशेष समेकित स्वास्थ्य शिविरों का आयोजन किया गया। इन शिविरों में कुल 2579 लोगों की एचआईवी और सिफलिस की जांच एवं स्क्रीनिंग की गयी। जांच के दौरान नौ व्यक्ति एचआईवी और दो व्यक्ति सिफलिस के लिए रिएक्टिव मिले हैं।

स्वास्थ्य विभाग के अनुसार, रिएक्टिव मिले सभी लोगों को पुष्टि जांच (कन्फर्मेटरी टेस्ट) के लिए सदर अस्पताल स्थित सम्पूर्ण सुरक्षा केंद्र में बुलाया गया है। वहीं, दूसरे प्रदेशों के रहने वाले रिएक्टिव व्यक्तियों को अपने गृह जिले के सम्पूर्ण सुरक्षा केंद्र में जाकर आगे की जांच कराने की सलाह दी गयी है। ऐसे व्यक्तियों की सूचना विभागीय स्तर पर संबंधित जिलों को भी उपलब्ध करायी गयी है, ताकि उनकी आगे की जांच और आवश्यक स्वास्थ्य सेवाएं सुनिश्चित की जा सकें।

बिहार राज्य एड्स नियंत्रण समिति, पटना के निर्देश पर आयोजित इन शिविरों का उद्देश्य प्रवासी कामगारों और अन्य लक्षित समूहों तक स्वास्थ्य सेवाओं की पहुंच बढ़ाना था। शिविरों में एचआईवी और सिफलिस स्क्रीनिंग के साथ-साथ टीबी की जांच, उच्च रक्तचाप और मधुमेह की स्क्रीनिंग तथा चिकित्सकीय परामर्श के अनुसार आवश्यक दवाओं के वितरण की व्यवस्था भी की गयी थी।

इस अभियान के लिए असैनिक शल्य चिकित्सक-सह-मुख्य चिकित्सा पदाधिकारी ने प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र सीवान सदर के प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी को निर्देश दिया था कि रेलवे स्टेशनों और बस स्टैंडों पर माइक्रोप्लान के अनुसार शिविर आयोजित कर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध करायी जाएं। इसके लिए सीएचओ, एएनएम, जीएनएम और एसटीएस की टीमों को भी लगाया गया था।

स्वास्थ्य विभाग का जोर एचआईवी संक्रमण की समय पर पहचान, पुष्टि जांच और संक्रमित व्यक्तियों को उपचार से जोड़ने पर रहा, ताकि राष्ट्रीय एड्स नियंत्रण कार्यक्रम के निर्धारित लक्ष्यों को हासिल किया जा सके।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Amar Nath Sharma

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

780750 Articles

Share this story