एचआईवी संक्रमित पिता-पुत्र को जांच के बिना लौटाया, अधीक्षक समेत चार से जवाब-तलब
सीवान, 11 सितंबर (हि.स.)। सदर अस्पताल में एचआईवी संक्रमित पिता-पुत्र को पैथोलॉजिकल जांच के लिए चार घंटे तक इंतजार कराने और बिना सैंपल लिये वापस भेजने के मामले में सिविल सर्जन-सह-मुख्य चिकित्सा पदाधिकारी डॉ श्रीनिवास प्रसाद ने सदर अस्पताल के अधीक्षक डॉ अनिल कुमार सिंह समेत चार स्वास्थ्य अधिकारियों व कर्मियों से स्पष्टीकरण मांगा है।
मामले में दो प्रयोगशाला प्रावैधिकी का वेतन तत्काल प्रभाव से अगले आदेश तक रोक दिया गया है। संबंधित सभी से 24 घंटे के अंदर जवाब मांगा गया है। सीएस कार्यालय से जारी पत्र के अनुसार, एचआईवी संक्रमित पिता-पुत्र 10 सितंबर को दोपहर करीब एक बजे सदर अस्पताल स्थित एआरटी केंद्र पहुंचे थे। परामर्श के बाद दोनों को पैथोलॉजिकल जांच कराने की सलाह दी गयी। इसके बाद दोनों जांच के लिए गये, लेकिन आरोप है कि दोपहर एक बजे से शाम पांच बजे तक सैंपल लेने के लिए उन्हें बैठाये रखा गया। शाम पांच बजे के बाद बिना सैंपल लिए ही दोनों को वापस भेज दिया गया। मजबूरन दोनों मरीजों को बिना जांच कराये लौटना पड़ा।
इस मामले में एआरटी केंद्र के प्रयोगशाला प्रावैधिकी अनुज कुमार तथा सदर अस्पताल के प्रयोगशाला प्रावैधिकी धर्मेंद्र कुमार और प्रमोद कुमार से जवाब मांगा गया है। सीएस ने पूछा है कि मरीजों का सैंपल नियमानुसार क्यों नहीं लिया गया और उन्हें बिना जांच कराये वापस क्यों भेज दिया गया। पत्र में इसे सरकारी कार्यों के प्रति लापरवाही बताया गया है। वहीं, सदर अस्पताल के अधीक्षक से भी स्पष्टीकरण मांगा गया है। पत्र में कहा गया है कि उन्हें एचआईवी संक्रमित पिता-पुत्र की जांच नहीं होने की जानकारी थी, इसके बावजूद उनकी जांच कराने के लिए कोई प्रयास नहीं किया गया।
इसी तरह संचारी रोग पदाधिकारी-सह-जिला एड्स नियंत्रण पदाधिकारी डॉ अशोक कुमार से भी पूछा गया है कि मामले की जानकारी होने के बावजूद मरीजों की जांच कराने के लिए आवश्यक पहल क्यों नहीं की गयी। सीएस कार्यालय ने सभी संबंधित अधिकारियों व कर्मियों को पत्र प्राप्ति के 24 घंटे के अंदर अपना स्पष्टीकरण देने का निर्देश दिया है। निर्धारित अवधि में जवाब नहीं मिलने पर विधि सम्मत कार्रवाई के लिए विभाग को सूचित करने की चेतावनी दी गयी है। वहीं, दो प्रयोगशाला प्रावैधिकी का वेतन तत्काल प्रभाव से अगले आदेश तक अवरुद्ध कर दिया गया है। एचआईवी संक्रमित मरीजों के लिए समय पर जांच, उपचार और सम्मानजनक स्वास्थ्य सेवा उपलब्ध कराना स्वास्थ्य व्यवस्था की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है। ऐसे में जांच के लिए पहुंचे पिता-पुत्र को घंटों इंतजार कराने के बाद बिना जांच लौटाये जाने की घटना ने सदर अस्पताल की व्यवस्था और एचआईवी संक्रमित मरीजों के प्रति संवेदनशीलता पर गंभीर सवाल खड़े कर दिये हैं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / Amar Nath Sharma

