सुपौल नगर वासियों को मुख्य पार्षद की बड़ी सौगात, आधुनिक मुक्तिधाम में निशुल्क विद्युत शवदाह की शुरुआत

WhatsApp Channel Join Now
सुपौल नगर वासियों को मुख्य पार्षद की बड़ी सौगात, आधुनिक मुक्तिधाम में निशुल्क विद्युत शवदाह की शुरुआत


सुपौल नगर वासियों को मुख्य पार्षद की बड़ी सौगात, आधुनिक मुक्तिधाम में निशुल्क विद्युत शवदाह की शुरुआत


सुपौल, 09 जुलाई (हि.स.)।

सुपौल नगर परिषद के मुख्य पार्षद राघवेंद्र झा राघव की पहल से शहर वासियों को आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित मुक्तिधाम की सौगात मिली है।

यहां अत्याधुनिक विद्युत शवदाह गृह का संचालन शुरू कर दिया गया है, जहां निशुल्क दाह संस्कार की व्यवस्था की गई है। यह सुविधा विशेष रूप से गरीब एवं मध्यमवर्गीय परिवारों को ध्यान में रखकर शुरू की गई है, जिससे अंतिम संस्कार का आर्थिक बोझ काफी हद तक कम होगा।

मुख्य पार्षद राघवेंद्र झा ने बताया कि नगरवासियों को सम्मानजनक अंतिम विदाई की बेहतर सुविधा उपलब्ध कराना नगर परिषद की प्राथमिकता रही है। इसी उद्देश्य से मुक्तिधाम में प्रतीक्षालय, पूजा-पाठ के लिए अलग स्थान, सुंदर एवं स्वच्छ पोखर, बैठने की समुचित व्यवस्था तथा साफ-सफाई पर विशेष ध्यान दिया गया है।

पूरे परिसर को इस तरह विकसित किया गया है कि यहां आने वाले लोगों को स्वच्छ और शांत वातावरण मिल सके। उन्होंने बताया कि पहले शहर के कई लोग मुक्तिधाम के आसपास दिन में भी आने से कतराते थे, लेकिन अब परिसर पूरी तरह बदल चुका है। साफ-सफाई, हरियाली और बेहतर प्रकाश व्यवस्था के कारण अब लोग रात के समय भी यहां बैठकर बातचीत करते दिखाई देते हैं।

यह बदलाव नगर परिषद के विकास कार्यों का प्रत्यक्ष उदाहरण बन गया है। मुख्य पार्षद ने जानकारी दी कि नगरवासियों की सुविधा के लिए निशुल्क शव वाहन की भी व्यवस्था की गई है। पहले लोगों को शव को काफी दूर तक कंधे पर ले जाना पड़ता था, लेकिन अब शव वाहन की सुविधा मिलने से अंतिम यात्रा अधिक सम्मानजनक और सुविधाजनक हो गई है।

नगर परिषद द्वारा संचालित यह आधुनिक मुक्तिधाम आज सुपौल शहर के लिए एक नई पहचान बनता जा रहा है। आधुनिक विद्युत शवदाह गृह, निशुल्क दाह संस्कार, स्वच्छ परिसर, पूजा-पाठ की व्यवस्था और शव वाहन जैसी सुविधाओं के साथ यह मुक्तिधाम नगरवासियों को सम्मानजनक एवं सुगम अंतिम संस्कार की नई व्यवस्था प्रदान कर रहा है।

हिन्दुस्थान समाचार / विनय कुमार मिश्र

Share this story