सुपौल में हिट एंड रन: मजदूर युवक की सड़क हादसे में मौत, चालक वाहन समेत फरार
सुपौल, 05 जुलाई (हि.स.)। ये
जिले के वीरपुर थाना क्षेत्र में शनिवार देर रात एनएच-91 पर एक दर्दनाक सड़क हादसे में 21 वर्षीय युवक की मौत हो गई। मृतक की पहचान वीरपुर थाना क्षेत्र के हृदयनगर वार्ड-1 निवासी तरुण मल्लिक के पुत्र संतोष मल्लिक (21) के रूप में हुई है। वह मजदूरी कर अपने परिवार का भरण-पोषण करता था।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, संतोष रात में सड़क से गुजर रहा था, तभी काले रंग के एक अज्ञात वाहन ने उसे जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि वह गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़ा। स्थानीय लोगों ने मानवता का परिचय देते हुए उसे तत्काल अनुमंडलीय अस्पताल, वीरपुर पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
हादसे के बाद चालक वाहन समेत मौके से फरार हो गया। घटना की सूचना मिलते ही रात करीब 11 बजे वीरपुर थाना पुलिस अस्पताल पहुंची और शव का पंचनामा तैयार कर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल, सुपौल भेज दिया।पुलिस अज्ञात वाहन और उसके चालक की पहचान के लिए आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज और अन्य साक्ष्यों की जांच कर रही है।
वीरपुर एसएचओ संजय दास ने बताया कि फरार चालक की जल्द पहचान कर उसके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी।परिजनों ने बताया कि संतोष की शादी करीब ढाई वर्ष पहले नेपाल में हुई थी। उसके परिवार में पत्नी और डेढ़ वर्ष का एक मासूम बेटा है। वह तीन भाइयों में दूसरे नंबर पर था तथा एक बहन भी है। युवक की असामयिक मौत से परिवार में कोहराम मचा हुआ है।
हिन्दुस्थान समाचार / विनय कुमार मिश्र

