अज्ञात वाहन की टक्कर से मजदूर की मौत

WhatsApp Channel Join Now
अज्ञात वाहन की टक्कर से मजदूर की मौत


सुपौल, 23 जुलाई (हि.स.)। जिले के भपटियाही थाना क्षेत्र में गुरुवार सुबह राष्ट्रीय राजमार्ग-27 पर हुए सड़क हादसे में एक मजदूर की माैत हाे गयी। मृतक पवन कुमार यादव मजदूरी कर अपने परिवार का भरण-पोषण करते थे। उनकी मौत की खबर मिलते ही घर में चीख-पुकार मच गई और पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई।

बताया गया कि पवन कुमार यादव महुआ मझारी से मजदूरी कर अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान झाझा के समीप राष्ट्रीय राजमार्ग-27 पर किसी अज्ञात वाहन ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि उनकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद चालक वाहन सहित फरार हो गया।घटना की सूचना मिलते ही भपटियाही थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा और घटनास्थल का निरीक्षण किया। दुर्घटना के कारणों का पता लगाने के साथ-साथ आसपास के लोगों से भी जानकारी जुटाई जा रही है, ताकि टक्कर मारने वाले वाहन की पहचान की जा सके।

भपटियाही थानाध्यक्ष जय प्रकाश चौधरी ने बताया कि अज्ञात वाहन की टक्कर से पवन कुमार यादव की मृत्यु हुई है। पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी होने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है। मामले में आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है।पवन कुमार यादव अपने पीछे पत्नी रीता देवी और नौ पुत्रियों को छोड़ गए हैं। परिवार की आर्थिक स्थिति पहले से ही कमजोर बताई जा रही है।

घटना के बाद स्थानीय लोगों ने प्रशासन से पीड़ित परिवार को सरकारी सहायता और उचित मुआवजा उपलब्ध कराने की मांग की है। साथ ही राष्ट्रीय राजमार्ग-27 पर गड्ढों की मरम्मत, तेज रफ्तार वाहनों पर प्रभावी नियंत्रण और सड़क सुरक्षा के बेहतर प्रबंध सुनिश्चित करने की अपील की है।

हिन्दुस्थान समाचार / विनय कुमार मिश्र

Share this story