कोचिंग जा रही छात्रा को बाइक ने मारी टक्कर, गंभीर रूप से घायल
सुपौल, 10 जुलाई (हि.स.)। जिले के कुनौली-निर्मली रिंग बांध पर शुक्रवार सुबह तेज रफ्तार बाइक की टक्कर से साइकिल से कोचिंग जा रही 13 वर्षीय छात्रा गंभीर रूप से घायल हो गई। हादसे के बाद मौके पर मौजूद स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए छात्रा को अतिरिक्त स्वास्थ्य केंद्र, कुनौली पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए उच्च केंद्र रेफर कर दिया गया। घटना के बाद लोगों ने बाइक चालक को मौके पर ही रोक लिया। जानकारी के अनुसार, हरिपुर वार्ड संख्या-3 निवासी लक्ष्मी कुमारी शुक्रवार सुबह साइकिल से कोचिंग के लिए जा रही थी। इसी दौरान हरिपुर के समीप कुनौली-निर्मली रिंग बांध पर पीछे से तेज गति से आ रही एक बाइक ने उसकी साइकिल में जोरदार टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी तेज थी कि छात्रा सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गई। घटना के समय मॉर्निंग वॉक कर रहे स्थानीय लोग तुरंत मौके पर पहुंचे और घायल छात्रा को अस्पताल पहुंचाया। अतिरिक्त स्वास्थ्य केंद्र, कुनौली में डॉ. एसपी अकेला ने प्राथमिक उपचार किया। चिकित्सकों ने छात्रा की गंभीर स्थिति को देखते हुए उसे बेहतर इलाज के लिए उच्च केंद्र रेफर कर दिया।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने बाइक चालक को मौके पर ही रोक लिया और छात्रा के परिजनों को घटना की सूचना दी। परिजनों के अस्पताल पहुंचने से पहले ही घायल छात्रा को बेहतर इलाज के लिए रेफर कर दिया गया था।
स्थानीय लोगों ने बताया कि बाइक चालक की पहचान डगमारा निवासी शंभू कुमार के रूप में हुई है। वह बाइक पर खस्सी लेकर कुनौली भंसार स्थित अपनी मांस की दुकान जा रहा था। घटना के बाद लोगों ने उसे रोक लिया। मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है।
हिन्दुस्थान समाचार / विनय कुमार मिश्र

