हिंदू सम्मेलन का आयोजन, सामाजिक एकता और पर्यावरण संरक्षण का लिया संकल्प

WhatsApp Channel Join Now
हिंदू सम्मेलन का आयोजन, सामाजिक एकता और पर्यावरण संरक्षण का लिया संकल्प


भागलपुर, 16 मार्च (हि.स.)। जिले के बसंतपुर ग्राम पंचायत अंतर्गत लोदीपुर स्थित शिव मंदिर प्रांगण में सोमवार को भव्य हिंदू सम्मेलन का आयोजन किया गया। इस सम्मेलन में बड़ी संख्या में स्थानीय लोग, सामाजिक कार्यकर्ता और विभिन्न संगठनों से जुड़े लोग उपस्थित रहे। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य समाज में एकता, भाईचारा और सांस्कृतिक मूल्यों को मजबूत करना था।

सम्मेलन में वक्ताओं ने कहा कि समाज को मजबूत बनाने के लिए जात-पात की भावना को छोड़कर सभी हिंदुओं को एकजुट होकर आगे बढ़ना चाहिए। साथ ही समाज में मातृ शक्ति के सम्मान को बढ़ावा देने की आवश्यकता पर भी जोर दिया गया। वक्ताओं ने कहा कि किसी भी समाज की प्रगति महिलाओं के सम्मान और सहभागिता से ही संभव है। कार्यक्रम में पर्यावरण संरक्षण के महत्व पर भी विस्तृत चर्चा की गई। लोगों को अधिक से अधिक पेड़ लगाने, जल स्रोतों की रक्षा करने और स्वच्छ वातावरण बनाए रखने का संदेश दिया गया। इसके साथ ही राष्ट्रभक्ति और संविधान के सम्मान की भावना को समाज में मजबूत करने की भी अपील की गई।

इस अवसर पर समाज सेवा और सांस्कृतिक क्षेत्र में योगदान के लिए कई लोगों को सम्मानित किया गया। कृष्णा क्लब के अजय अटल, हिंदी युवा शक्ति के प्रवीण प्रकाश तथा भागलपुर कथक केंद्र के संचालक निभाष मोदी को अंग वस्त्र देकर सम्मानित किया गया। सम्मेलन के अंत में सभी उपस्थित लोगों ने सामाजिक सद्भाव, सांस्कृतिक मूल्यों की रक्षा और राष्ट्र सेवा के लिए मिलकर कार्य करने का संकल्प लिया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / बिजय शंकर

Share this story