कलम से कोडिंग तक: अब युवाओं की पहली पसंद और रोजगार की पहचान बनेगी राजभाषा

WhatsApp Channel Join Now
कलम से कोडिंग तक: अब युवाओं की पहली पसंद और रोजगार की पहचान बनेगी राजभाषा


कटिहार, 14 सितंबर (हि.स.)। मनिहारी मोड़ स्थित इंदिरा गांधी सेंट्रल लाइब्रेरी में 'हिंदी दिवस-2026' का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम का विधिवत शुभारंभ कटिहार नगर निगम की मेयर उषा अग्रवाल, उप विकास आयुक्त (डीडीसी) और जिला शिक्षा पदाधिकारी (डीईओ) ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया।

समारोह को संबोधित करते हुए अतिथियों ने दैनिक जीवन और प्रशासनिक कार्यों में राजभाषा हिंदी के अधिकाधिक प्रयोग पर जोर दिया। वक्ताओं ने रेखांकित किया कि आधुनिक तकनीकी और डिजिटल दौर में हिंदी को युवाओं की पहली पसंद बनाना आवश्यक है, ताकि इसे विज्ञान और रोजगार की सशक्त भाषा के रूप में स्थापित किया जा सके।

कार्यक्रम में जिले के प्रबुद्ध शिक्षाविदों, प्रतिष्ठित कवियों, कवयित्रियों और शिक्षकों ने सक्रिय भागीदारी निभाई। इस दौरान कई साहित्यकारों और शिक्षकों ने काव्य पाठ कर हिंदी की साहित्यिक गरिमा और अभिव्यंजना शक्ति को मंच पर जीवंत किया।

आयोजकों ने सभी अतिथियों, साहित्यकारों और प्रतिभागियों के प्रति आभार व्यक्त किया। अंत में राजभाषा हिंदी के संवर्धन और निष्ठा के संकल्प के साथ समारोह संपन्न हुआ।

हिन्दुस्थान समाचार / विनोद सिंह

Share this story