न्यायालय परिसर में महिला ने युवक का कॉलर पकड़ मांगा हक
भागलपुर, 14 मई (हि.स.)। भागलपुर व्यवहार न्यायालय परिसर गुरुवार को उस वक्त हाई-वोल्टेज ड्रामे का गवाह बन गया, जब मदीना खातून नाम की महिला ने विकास साह का सरेआम कॉलर पकड़ लिया और अपने हक की मांग को लेकर जमकर हंगामा किया। कोर्ट परिसर में अचानक मचे इस बवाल को देखने के लिए लोगों की भीड़ जुट गई। मदीना का आरोप है कि विकास साह ने उससे प्रेम विवाह किया था और कई वर्षों तक पति-पत्नी की तरह साथ रहने के बाद अब उसे और उसके दो बच्चों को अपनाने से इनकार कर रहा है।
महिला के अनुसार दोनों बचपन से एक-दूसरे को जानते थे। साल 2016 में उसकी शादी कहीं और हो गई थी लेकिन बाद में विकास उसे अपने साथ अलीगढ़ लेकर चला गया,जहां दोनों साथ रहे और उनके बच्चे भी हुए।
महिला का कहना है कि कई वर्षों तक विकास के घर में रहने के बाद अब उसके परिवार वाले दो लाख रुपये और जमीन की मांग कर रहे हैं। मांग पूरी नहीं होने पर उसे घर से निकाल दिया गया।
विकास साह ने सभी आरोपों को गलत बताते हुए कहा कि मदीना पहले से शादीशुदा है और उसे झूठे केस में फंसाया जा रहा है। फिलहाल महिला ने कोर्ट में भरण-पोषण का मामला दर्ज कराया है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / बिजय शंकर

