विदेश रोजगार के नाम पर ठगी की हो उच्चस्तरीय जांच : सांसद डॉ. जावेद

WhatsApp Channel Join Now
विदेश रोजगार के नाम पर ठगी की हो उच्चस्तरीय जांच : सांसद डॉ. जावेद


किशनगंज, 30 सितम्बर (हि.स.)। विदेश में रोजगार दिलाने के नाम पर किशनगंज और पूर्णिया के युवाओं से कथित ठगी के मामलों को लेकर किशनगंज के सांसद डॉ. मोहम्मद जावेद आजाद ने बिहार सरकार के गृह सचिव को पत्र लिखा है।

सांसद ने पूरे मामले की उच्चस्तरीय जांच कराने तथा दोषी एजेंटों और बिचौलियों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की मांग की है। हाल के दिनों में किशनगंज-पूर्णिया के युवाओं के मलेशिया समेत अन्य देशों में कथित तौर पर फर्जी रोजगार और वीजा के मामलों में फंसने की खबरें सामने आई हैं।

सांसद ने पत्र में कहा है कि लोकसभा क्षेत्र के भ्रमण के दौरान उन्हें कई युवाओं के विदेश में नौकरी दिलाने के नाम पर बड़ी रकम वसूले जाने की जानकारी मिली।

आरोप है कि कुछ युवाओं को बिना वैध वर्क वीजा अथवा उचित रोजगार दस्तावेज के विदेश भेजा गया। इसके बाद कई युवा कानूनी और आर्थिक परेशानियों में फंस गए, जबकि उनके परिजनों को भी आर्थिक कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।

उन्होंने किशनगंज और पूर्णिया में विदेश भेजने का काम करने वाली सभी एजेंसियों और एजेंटों का सत्यापन कराने की मांग की है। साथ ही यह जांच करने को कहा है कि संबंधित एजेंट वैध रूप से पंजीकृत हैं या नहीं। बिना अनुमति विदेश में रोजगार दिलाने का काम करने वाले लोगों की पहचान कर उनके खिलाफ कार्रवाई की मांग भी की गई है।

सांसद ने विदेश भेजने के नाम पर दर्ज शिकायतों और मामलों की समीक्षा कर लंबित मामलों में त्वरित कार्रवाई, सक्रिय एजेंटों के स्थानीय नेटवर्क की जांच तथा उनके सहयोगियों की भूमिका की पड़ताल कराने को कहा है।

उन्होंने दोनों जिलों में जागरूकता अभियान चलाकर युवाओं को अधिकृत भर्ती प्रक्रिया और वैध वर्क वीजा की जानकारी उपलब्ध कराने पर भी जोर दिया।

विदेश रोजगार के नाम पर ठगी की शिकायतों के बीच केंद्र के गृह मंत्रालय ने भी हाल में ऐसे मामलों को लेकर राज्यों को विशेष कार्रवाई और विभिन्न एजेंसियों के समन्वय पर जोर दिया है।

हिन्दुस्थान समाचार / धर्मेन्द्र सिंह

Share this story