25 जुलाई के प्रस्तावित छात्र धरने को लेकर सीवान में अलर्ट
सीवान, 23 जुलाई (हि.स.)। विभिन्न मांगों को लेकर दो छात्र संगठनों द्वारा 25 जुलाई को शांतिपूर्ण धरना का आह्वान किए जाने के बाद सीवान जिला प्रशासन और पुलिस पूरी तरह अलर्ट मोड में आ गए हैं। बिहार पुलिस मुख्यालय द्वारा जारी निर्देश के आलोक में जिले में व्यापक सुरक्षा व्यवस्था की तैयारी शुरू कर दी गई है।
प्रशासन ने संभावित धरना-प्रदर्शन को देखते हुए संवेदनशील स्थलों की निगरानी बढ़ा दी है। छात्र संगठनों की गतिविधियों पर नजर रखी जा रही है तथा उनके प्रतिनिधियों से संवाद स्थापित करने की भी तैयारी है, ताकि कानून-व्यवस्था प्रभावित न हो। इधर, रेलवे सुरक्षा बल एवं रेलवे की स्पेशल इंटेलिजेंस ब्रांच भी सीवान जंक्शन से दिल्ली जाने वाले संभावित छात्र समूहों की गतिविधियों पर नजर बनाए हुए हैं।
ट्रेनों और रेलवे स्टेशन पर सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई है तथा आवश्यक सूचनाएं लगातार उच्च अधिकारियों को भेजी जा रही हैं.बिहार पुलिस मुख्यालय ने सभी जिलों को दंगा नियंत्रण उपकरणों के साथ पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती, सोशल मीडिया और व्हाट्सएप समूहों की सतत निगरानी, सीसीटीवी के माध्यम से गतिविधियों पर नजर रखने तथा किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए पूरी तैयारी रखने का निर्देश दिया है।
सार्वजनिक या सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचाने वालों के विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई करने का भी निर्देश दिया गया है। प्रशासनिक सूत्रों का कहना है कि 25 जुलाई को प्रस्तावित धरने को लेकर सभी आवश्यक तैयारियां की जा रही हैं. हालांकि, यदि आंदोलन पूरी तरह शांतिपूर्ण रहता है तो प्रशासन भी कानून के दायरे में रहकर आवश्यक व्यवस्था सुनिश्चित करेगा। वहीं, किसी भी प्रकार की अफवाह या भड़काऊ गतिविधि पर पुलिस की विशेष नजर रहेगी। पुलिस अधीक्षक पूरन कुमार झा ने बताया कि व्यवस्था को चाक चौबंद रखा गया है।
उन्होंने कहा की पुलिस का उद्देश्य शांतिपूर्ण माहौल बनाए रखना और आम लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करना है। 25 जुलाई को प्रस्तावित छात्रों के धरना के संबंध में उन्होंने कहा है इस संबंध में छात्र संगठनों द्वारा कोई सूचना नहीं दी गई है। छात्रों ने जिलाधिकारी के यहां सूचना दिया है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / Amar Nath Sharma

