बारिश ने बढ़ाई मुसीबत, जलजमाव से जनजीवन अस्त-व्यस्त ,नगर परिषद पर उठे सवाल

WhatsApp Channel Join Now
बारिश ने बढ़ाई मुसीबत, जलजमाव से जनजीवन अस्त-व्यस्त ,नगर परिषद पर उठे सवाल


सुपौल, 01 मई (हि.स.)। बिहार के सुपौल शहर में शुक्रवार की दोपहर से लगातार हो रही बारिश ने जनजीवन को बुरी तरह प्रभावित कर दिया है।

बारिश के कारण कई मोहल्लों और गलियों में जलजमाव की स्थिति बन गई है, जिससे लोगों को आवागमन में भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। स्थिति की गंभीरता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि शहर के कई वार्डों में नाला निर्माण अब तक नहीं हो सका है।

नतीजतन हल्की बारिश में ही गलियां ‘तालाब’ में तब्दील हो जा रही हैं। पानी निकासी की समुचित व्यवस्था नहीं होने से लोगों का घर से निकलना तक मुश्किल हो गया है। उधर जकीचड़ और कादो से सड़कों की हालत बेहद खराब हो चुकी है। दोपहिया वाहन चालकों और साइकिल सवारों को सबसे अधिक दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। जगह-जगह फिसलन के कारण दुर्घटना की आशंका भी बनी हुई है, जिससे लोग भय के माहौल में आवागमन कर रहे हैं।

स्थानीय लोगों ने नगर परिषद की कार्यशैली पर तीखा सवाल उठाते हुए कहा कि वर्षों से नाला निर्माण की मांग की जा रही है, लेकिन अब तक कोई ठोस पहल नहीं की गई। हर बार बारिश के मौसम में यही हालात बन जाते हैं, जिससे स्पष्ट है कि नगर परिषद इस गंभीर समस्या को लेकर लापरवाह बनी हुई है।लोगों ने प्रशासन से तत्काल नाला निर्माण कार्य शुरू कराने, जलनिकासी की बेहतर व्यवस्था सुनिश्चित करने और जर्जर सड़कों की मरम्मत कराने की मांग की है। यदि समय रहते कदम नहीं उठाए गए तो आने वाले दिनों में स्थिति और भयावह हो सकती है।

हिन्दुस्थान समाचार / विनय कुमार मिश्र

Share this story