राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम के तहत हृदय रोग से ग्रसित तीन बच्चे निःशुल्क उपचार हेतु अहमदाबाद रवाना
अररिया 21 सितम्बर(हि.स.)। राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम के अंतर्गत जिले के हृदय रोग से ग्रसित तीन बच्चों को निःशुल्क उपचार एवं आवश्यक शल्य चिकित्सा के लिए सोमवार को डीएम विनोद दूहन द्वारा अहमदाबाद स्थित श्री सत्य साईं अस्पताल के लिए रवाना किया गया।
रवाना किए गए तीन बच्चों में दो बच्चे नरपतगंज प्रखंड तथा एक बच्चा रानीगंज प्रखंड के हैं। इन बच्चों का हृदय रोग से संबंधित आवश्यक उपचार एवं ऑपरेशन बिहार सरकार के सहयोग से निःशुल्क कराया जाएगा।
बच्चों एवं उनके परिजनों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए अररिया से पटना तक निःशुल्क एम्बुलेंस सेवा उपलब्ध कराई गई है। पटना से अहमदाबाद तक बच्चों को निःशुल्क हवाई यात्रा की सुविधा प्रदान की जाएगी। अहमदाबाद में उपचार के दौरान बच्चों एवं उनके परिजनों के रहने एवं भोजन की व्यवस्था भी निःशुल्क होगी। इसके अतिरिक्त आवश्यक जांच, चिकित्सकीय उपचार एवं ऑपरेशन से संबंधित व्यय भी योजना के अंतर्गत निःशुल्क उपलब्ध कराया जाएगा।
इस अवसर पर जिला पदाधिकारी ने कहा कि राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम का उद्देश्य बच्चों में जन्मजात एवं अन्य स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं की समय पर पहचान कर उन्हें आवश्यक उपचार उपलब्ध कराना है। आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के बच्चों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधा उपलब्ध कराना जिला प्रशासन की प्राथमिकताओं में शामिल है, ताकि आर्थिक कठिनाई उनके उपचार में बाधा न बने।
हिन्दुस्थान समाचार / राहुल कुमार ठाकुर

