पोस्टमार्टम हाउस के पास बायो-मेडिकल कचड़े का अंबार, दुर्गंध से लोग परेशान

WhatsApp Channel Join Now
पोस्टमार्टम हाउस के पास बायो-मेडिकल कचड़े का अंबार, दुर्गंध से लोग परेशान


किशनगंज, 17 अगस्त (हि.स.)। सदर अस्पताल परिसर स्थित पोस्टमार्टम हाउस के आसपास इन दिनों गंदगी और बायो-मेडिकल कचड़े के ढेर से मरीजों, उनके परिजनों और स्थानीय लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।पोस्टमार्टम हाउस के समीप लंबे समय से कचड़ा जमा होने के कारण पूरे इलाके में तेज दुर्गंध फैल रही है। लोगों का कहना है कि अस्पताल जैसे संवेदनशील परिसर में इस तरह की स्थिति स्वास्थ्य व्यवस्था पर सवाल खड़े करती है। स्थानीय लोगों के अनुसार पोस्टमार्टम हाउस के आसपास खुले में बायो-मेडिकल वेस्ट, खून से सनी पट्टियां और अन्य चिकित्सा अपशिष्ट बिखरे पड़े हैं। कचड़े का नियमित उठाव नहीं होने के कारण धीरे-धीरे इसका ढेर बढ़ता जा रहा है। दुर्गंध के कारण आसपास खड़ा होना भी मुश्किल हो रहा है। अस्पताल आने वाले मरीज और उनके परिजन भी इस स्थिति से परेशान हैं। लोगों का कहना है कि खुले में पड़े चिकित्सा अपशिष्ट से संक्रमण फैलने का खतरा बना रहता है। खासकर बरसात के मौसम में कचड़ा पानी के संपर्क में आने से स्थिति और गंभीर हो सकती है। ऐसे में बायो-मेडिकल कचरे का निर्धारित मानकों के अनुसार सुरक्षित और वैज्ञानिक तरीके से निस्तारण किया जाना जरूरी है।

सोमवार को स्थानीय निवासियों ने जिला प्रशासन और सदर अस्पताल प्रबंधन से तत्काल सफाई अभियान चलाकर पोस्टमार्टम हाउस के आसपास जमा कचड़े को हटाने की मांग की है। लोगों ने कहा कि अस्पताल परिसर में स्वच्छता व्यवस्था को लेकर नियमित निगरानी होनी चाहिए, ताकि मरीजों और आम लोगों को किसी तरह के संक्रमण या दुर्गंध की समस्या का सामना न करना पड़े। लोगों ने उम्मीद जताई कि संबंधित अधिकारी मामले का संज्ञान लेकर जल्द कार्रवाई करेंगे। वहीं, इस मामले में अस्पताल प्रबंधन का पक्ष नहीं मिल सका है। लोगों का कहना है कि कचरे का तत्काल उठाव कराने के साथ भविष्य में बायो-मेडिकल वेस्ट के सुरक्षित निस्तारण की स्थायी व्यवस्था सुनिश्चित की जानी चाहिए।

हिन्दुस्थान समाचार / धर्मेन्द्र सिंह

Share this story