एएनएम और स्वास्थ्य कार्यकर्ताओं के लिए नए परिचालन निर्देश जारी, समय और ड्रेस कोड का पालन अनिवार्य

WhatsApp Channel Join Now

कटिहार, 28 जुलाई (हि.स.)। जिला स्वास्थ्य समिति द्वारा आरोग्य दिवस सत्रों के प्रभावी, गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध संचालन के लिए एएनएम और फील्ड स्वास्थ्य कार्यकर्ताओं को विस्तृत परिचालन निर्देश जारी किए गए हैं। नए दिशा-निर्देशों के तहत अब प्रत्येक सत्र में कम-से-कम 50 लाभार्थियों को स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना अनिवार्य कर दिया गया है।

जारी निर्देशों के अनुसार, सभी एएनएम एवं फील्ड स्वास्थ्य कार्यकर्ता पहचान पत्र के साथ निर्धारित ड्रेस कोड में समय पर उपस्थित रहेंगे। प्रत्येक सत्र का संचालन प्रातः 08:00 बजे से अपराह्न 04:00 बजे तक किया जाएगा। सत्र स्थल पर बीपी मशीन, स्टेथोस्कोप, हीमोग्लोबिनोमीटर, वजन मापने की मशीन, यूरिन किट और माप टेप जैसे आवश्यक उपकरण एवं संसाधन रखना अनिवार्य किया गया है।

सत्र के दौरान गर्भवती महिलाओं की प्रसव पूर्व जांच (एएनसी), प्रसव उपरांत जांच (पीएनसी), योग्य दंपती सेवाएं, किशोरियों को आयरन एवं एल्बेंडाजोल का वितरण, पूर्ण टीकाकरण, जीरो डोज, आदर्श दंपती परामर्श और ओपीवी-0 सहित विभिन्न स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराई जाएंगी।

इसके अलावा, सभी एएनएम को प्रत्येक सत्र की कॉम्प्रेहेसिभ टैली शीट एवं आरसीएच रजिस्टर का अद्यतन संधारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। साथ ही, सास-बहू सम्मेलन, सामुदायिक सहभागिता और नियमित समीक्षा बैठकों के माध्यम से स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता में लगातार सुधार लाने पर विशेष जोर दिया गया है।

जिला स्वास्थ्य समिति ने सभी प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारियों, प्रखंड स्वास्थ्य प्रबंधकों, स्वास्थ्य प्रबंधकों, एलएचवी, एएनएम और संबंधित स्वास्थ्य कर्मियों को इन परिचालन निर्देशों का पूर्णतः अनुपालन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया है, ताकि हर पात्र लाभार्थी तक समय पर गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं पहुँच सकें।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विनोद सिंह

Share this story