स्वास्थ्य समीक्षा बैठक में सिविल सर्जन सख्त: बारसोई व हल्का के अधिकारियों से स्पष्टीकरण, लेबर रूम व टीकाकरण दुरुस्त करने का अल्टीमेटम

WhatsApp Channel Join Now
स्वास्थ्य समीक्षा बैठक में सिविल सर्जन सख्त: बारसोई व हल्का के अधिकारियों से स्पष्टीकरण, लेबर रूम व टीकाकरण दुरुस्त करने का अल्टीमेटम


कटिहार, 01 अक्टूबर (हि.स.)। स्वास्थ्य विभाग के सभाकक्ष में गुरुवार को सिविल सर्जन-सह-सचिव की अध्यक्षता में आयोजित जिला स्तरीय समीक्षा बैठक में स्वास्थ्य सेवाओं में लापरवाही पर कड़ा रुख अपनाया गया। लेबर रूम व्यवस्था में खामियां मिलने पर बारसोई एवं हल्का के प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी तथा स्वास्थ्य प्रबंधक से स्पष्टीकरण तलब किया गया है। सिविल सर्जन जितेंद्र नाथ सिंह ने जिले के सभी स्वास्थ्य संस्थानों को तीन दिनों के भीतर आवश्यक उपकरणों की उपलब्धता सुनिश्चित कर फोटोग्राफ सहित अनुपालन प्रतिवेदन सौंपने का सख्त निर्देश दिया।

बैठक में टीकाकरण, लेबर रूम, एनीमिया मुक्त भारत, परिवार नियोजन और किशोर स्वास्थ्य कार्यक्रमों की प्रगति की बिंदुवार समीक्षा की गई। सिविल सर्जन ने निर्देश दिया कि प्रसव कक्षों (लेबर रूम) में उच्चस्तरीय स्वच्छता, उपकरणों की ऑटोक्लेविंग, पर्याप्त प्रकाश, बायोमेडिकल वेस्ट का सुरक्षित निस्तारण और सभी अभिलेखों का संधारण अनिवार्य रूप से सुनिश्चित हो। इसके साथ ही टीकाकरण सत्रों पर एएनएम की समय पर उपस्थिति और आवश्यक उपकरणों की उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारियों, बीएचएम और बीसीएम को नियमित फील्ड विजिट करने को कहा गया।

एनीमिया मुक्त भारत कार्यक्रम के तहत पोर्टल पर शत-प्रतिशत रिपोर्टिंग दर्ज करने, आईएफए गोलियों के स्टॉक व वितरण की निरंतर समीक्षा करने और एनीमिक गर्भवती महिलाओं को आवश्यकतानुसार एफसीएम उपलब्ध कराने पर जोर दिया गया। परिवार नियोजन के अस्थायी साधनों के समय पर वितरण तथा 'अंतरा' इंजेक्शन के उपयोग को बढ़ावा देने का आह्वान किया गया। वहीं किशोर स्वास्थ्य कार्यक्रम के तहत डंडखोड़ा, कदवा, प्राणपुर एवं कुर्सेला में एक सप्ताह के भीतर युवा क्लीनिक का संचालन अनिवार्य रूप से शुरू करने के निर्देश दिए गए।

रूटीन इम्यूनाइजेशन की समीक्षा के दौरान यू-विन और एचएमआईएस के आंकड़ों में आ रहे अंतर को तत्काल दुरुस्त कर सही डेटा प्रविष्टि सुनिश्चित करने का आदेश दिया गया। सिविल सर्जन ने सभी प्रोग्राम पदाधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिया कि वे नियमित क्षेत्र भ्रमण कर कमियों को दूर करें और जिला स्तरीय साप्ताहिक समन्वय बैठक में अनिवार्य रूप से उपस्थित रहें। बैठक में सहयोगी संस्थाओं के प्रतिनिधि, जिला स्तरीय प्रोग्राम पदाधिकारी एवं चिकित्सा पदाधिकारी मौजूद रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / विनोद सिंह

Share this story