इबोला संक्रमण को लेकर स्वास्थ्य विभाग अलर्ट, सदर अस्पताल में 10 बेड का आइसोलेशन वार्ड तैयार

WhatsApp Channel Join Now
इबोला संक्रमण को लेकर स्वास्थ्य विभाग अलर्ट, सदर अस्पताल में 10 बेड का आइसोलेशन वार्ड तैयार


किशनगंज, 27 मई (हि.स.)। विश्व के विभिन्न देशों में इबोला संक्रमण के बढ़ते मामलों को देखते हुए किशनगंज जिला स्वास्थ्य विभाग पूरी तरह सतर्क हो गया है।

केंद्र सरकार और राज्य स्वास्थ्य समिति, बिहार की ओर से जारी स्वास्थ्य सलाह के बाद जिले में निगरानी व्यवस्था को और मजबूत किया गया है।संभावित संक्रमण से निपटने के लिए सदर अस्पताल में 10 शैय्याओं का विशेष पृथकवास केंद्र तैयार किया गया है।

विश्व स्वास्थ्य संगठन द्वारा डेमोक्रेटिक रिपब्लिक ऑफ कांगो और युगांडा में इबोला संक्रमण के मामलों में वृद्धि की जानकारी दिए जाने के बाद भारत सरकार ने सभी राज्यों और जिलों को सतर्क रहने का निर्देश जारी किया है। इसी के तहत किशनगंज में भी स्वास्थ्य विभाग ने तैयारी तेज कर दी है।

सिविल सर्जन डॉ. राज कुमार चौधरी ने बताया कि इबोला जैसी गंभीर संक्रामक बीमारी से निपटने के लिए सदर अस्पताल में विशेष आइसोलेशन वार्ड बनाया गया है। यहां संदिग्ध मरीजों को अलग रखकर चिकित्सकीय निगरानी और उपचार की व्यवस्था की जाएगी। उन्होंने कहा कि सभी स्वास्थ्य संस्थानों को आवश्यक संसाधन और सुरक्षा उपकरण तैयार रखने का निर्देश दिया गया है।

स्वास्थ्य विभाग द्वारा तेज बुखार, पेट दर्द, उल्टी, दस्त, त्वचा पर दाने, लाल आंखें तथा हाल की यात्रा का इतिहास रखने वाले व्यक्तियों की विशेष निगरानी की जा रही है। साथ ही स्वास्थ्यकर्मियों को संक्रमण की पहचान, नमूना संग्रह, रोगी स्थानांतरण और संक्रमण नियंत्रण संबंधी प्रशिक्षण भी दिया जा रहा है।

नेपाल सीमा से सटे किशनगंज जिले में सीमावर्ती इलाकों और प्रवेश स्थलों पर भी चौकसी बढ़ा दी गई है। बाहर से आने वाले लोगों की पहचान, स्वास्थ्य जांच और यात्रा विवरण की समीक्षा की जा रही है। आवश्यकता पड़ने पर उन्हें पृथकवास में रखने की व्यवस्था भी सुनिश्चित की गई है।

जिला एवं प्रखंड स्तर पर त्वरित प्रतिक्रिया दल को सक्रिय कर दिया गया है। इसके साथ ही आम लोगों से अफवाहों पर ध्यान नहीं देने और किसी भी संदिग्ध लक्षण दिखाई देने पर तुरंत स्वास्थ्य केंद्र से संपर्क करने की अपील की गई है।स्वास्थ्य विभाग ने कहा है कि जिले में किसी भी संभावित स्थिति से निपटने के लिए सभी आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।

हिन्दुस्थान समाचार / धर्मेन्द्र सिंह

Share this story