आमने-सामने बाइक की टक्कर में युवक की मौत

WhatsApp Channel Join Now
आमने-सामने बाइक की टक्कर में युवक की मौत


सीवान, 23 अप्रैल (हि.स.)। सीवान जिले के भगवानपुर हाट थाना क्षेत्र के नगवा गांव में गुरुवार को दो बाइक की आमने-सामने टक्कर में एक युवक की दर्दनाक मौत हो गई। मृतक बसंतपुर थाना क्षेत्र के बिठुना गांव निवासी रामशंकर महतो के पुत्र गुड्डू कुमार है।

घटना के बाद शादी वाले घर में कोहराम मच गया और पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई।

जानकारी के अनुसार गुड्डू कुमार अपनी शादी का निमंत्रण कार्ड बांटने के लिए बाइक से बसंतपुर जा रहा था। इसी दौरान सामने से आ रही तेज रफ्तार बाइक ने जोरदार टक्कर मार दी। हादसा इतना भीषण था कि वह गंभीर रूप से घायल हो गया।

स्थानीय लोगों ने उसे तुरंत बसंतपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद हालत नाजुक होने पर सदर अस्पताल सीवान रेफर किया गया लेकिन रास्ते में ही उसकी मौत हो गई।

बताया जाता है कि 28 अप्रैल को तिलक और 1 मई को उसकी शादी तय थी। घर में जहां शादी की तैयारियां चल रही थीं, वहीं अब मातम पसरा है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। इस हादसे ने एक बार फिर तेज रफ्तार के खतरों को उजागर कर दिया है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Amar Nath Sharma

Share this story