पूर्वी चंपारण में आंधी-बारिश और आकाशीय बिजली का कहर,तीन मासूम समेत पांच की मौत

WhatsApp Channel Join Now
पूर्वी चंपारण में आंधी-बारिश और आकाशीय बिजली का कहर,तीन मासूम समेत पांच की मौत


-दो घायल,आधा दर्जन घर जलकर राख

पूर्वी चंपारण,04 मई (हि.स.)।बिहार के पूर्वी चंपारण जिले में सोमवार की दोपहर आंधी बारिश के साथ आकाशीय बिजली ने कहर बरपाया है। तेज आंधी के साथ मूसलाधार बारिश के बीच आकाशीय बिजली (ठनका) और पेड़ गिरने से जिले के विभिन्न क्षेत्रो में तीन मासूम समेत पांच लोगो की मौत हो गई है। जबकि इस घटना दो लोग घायल हुए है।

सुगौली थाना क्षेत्र के कैथवलिया गांव स्थित बगीचे में आकाशीय बिजली की चपेट में आने से दो मासूम बच्चों की मौके पर ही मौत हो गई। इस हादसे में एक अन्य बच्चा गंभीर रूप से घायल हो गया है,जिसका इलाज चल रहा है। मृत बच्चों की पहचान जयलाल सहनी का 15 वर्षीय पुत्र सन्नी देओल कुमार व मंजू सहनी के 8 वर्षीय पुत्री अंशु कुमारी के रूप में हुई है। जबकि घायल बच्चे की पहचान 9 वर्षीय मंतोष कुमार के रूप में हुई है।

घटना के बाद पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंचकर कानूनी प्रक्रिया में जुट गई है, वहीं परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। वही रामगढ़वा थाना क्षेत्र के सिसवनिया गांव में आकाशीय बिजली ताड़ के पेड़ पर गिर गई। जिसके बाद ताड़ के पेड़ में आग लग गई, जो देखते ही देखते पास की झोपड़ियों तक फैल गई। इस भीषण अगलगी में आधा दर्जन से अधिक घर जलकर राख हो गए। घटना में अपने ननिहाल आई 3 वर्षीय बच्ची सरस्वती कुमारी की जलने से मौत हो गई। घटना में एक युवक भी घायल हुआ है।जिसकी पहचान 22 वर्षीय चंदन महतो के रूप में हुई है। अंचलाधिकारी ने राजस्व कर्मचारी को क्षति का आकलन कर पीड़ित परिवारों को सहायता राशि देने का निर्देश दिया है।

तीसरी बड़ी घटना ढाका-मोतिहारी पथ पर रूपडीह के समीप हुई। यहाँ तेज आंधी के कारण एक विशालकाय पेड़ सड़क से गुजर रहे ई-रिक्शा पर गिर गया। पेड़ के नीचे दबने से दो लोगों की दर्दनाक मौत हो गई। मृतकों की पहचान मुफस्सिल थाना क्षेत्र के धीरज कुमार और चिरैया के 7 वर्षीय मासूम चुनचुन कुमार के रूप में हुई है। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है।

जिले में हुई इन घटनाओं के बाद आपदा प्रबंधन विभाग और स्थानीय पुलिस और प्रशासन प्रभावित इलाकों में कैंप कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम और क्षति के आकलन की रिपोर्ट मिलते ही पीड़ितों को उचित सरकारी मुआवजा उपलब्ध कराया जाएगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / आनंद कुमार

Share this story