हरसिद्धि के सोनबरसा में श्रद्धा व उल्लास के साथ मनाई गई भगवान परशुराम जयंती

WhatsApp Channel Join Now
हरसिद्धि के सोनबरसा में श्रद्धा व उल्लास के साथ मनाई गई भगवान परशुराम जयंती


पूर्वी चंपारण,19 अप्रैल (हि.स.)। जिले के हरसिद्धि प्रखंड क्षेत्र के सोनबरसा में अक्षय तृतीया के पावन अवसर पर भगवान श्री परशुराम जयंती श्रद्धा, भक्ति और उल्लास के साथ मनाई गई। आयोजन सतीश चौबे के दरवाजे पर किया गया, जहां सुबह से ही श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ पड़ी।

कार्यक्रम की शुरुआत भगवान परशुराम की प्रतिमा के समक्ष दीप प्रज्वलन और पुष्पांजलि अर्पित कर की गई। इसके बाद श्रद्धालुओं ने माल्यार्पण कर भगवान का जन्मोत्सव मनाया। जयघोष से पूरा वातावरण भक्तिमय हो गया।

इस अवसर पर वक्ताओं ने भगवान परशुराम के जीवन पर प्रकाश डालते हुए बताया कि वे भगवान विष्णु के छठे अवतार थे, जिन्होंने अपने तप, त्याग और पराक्रम से अधर्म के खिलाफ संघर्ष कर समाज में न्याय की स्थापना की। उनके आदर्श आज भी प्रासंगिक हैं और हमें सत्य व धर्म के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देते हैं।

अक्षय तृतीया के महत्व पर चर्चा करते हुए बताया गया कि इस दिन किया गया दान-पुण्य और धार्मिक कार्य अक्षय फल प्रदान करता है। श्रद्धालुओं ने पूजा- अर्चना के साथ दान-पुण्य कर सामाजिक सद्भाव का संदेश दिया।

कार्यक्रम में रमेश चौबे, मंटू पांडेय, प्रणव दुबे, सतीश चौबे, रोशन कुमार, विकेश पांडेय, अनिरुद्ध चौबे, राजू सिंह और शिव तिवारी सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे। अंत में सामूहिक आरती के बाद प्रसाद वितरण किया गया। उपस्थित लोगों ने भगवान परशुराम के बताए मार्ग पर चलने और समाज में शांति, समरसता व न्याय स्थापित करने का संकल्प लिया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / आनंद कुमार

Share this story