हर घर तिरंगा अभियान, रैली निकाल कर लोगों को किया जागरूक

WhatsApp Channel Join Now
हर घर तिरंगा अभियान, रैली निकाल कर लोगों को किया जागरूक


हर घर तिरंगा अभियान, रैली निकाल कर लोगों को किया जागरूक


भागलपुर, 14 अगस्त (हि.स.)। स्वतंत्रता दिवस के राष्ट्रीय पर्व को लेकर पूरे देश में भारी उत्साह है। इसी कड़ी में भागलपुर जिला प्रशासन के दिशा-निर्देशों का पालन करते हुए नगर परिषद सुल्तानगंज द्वारा शनिवार को'हर घर तिरंगा' अभियान के तहत एक जागरूकता रैली का आयोजन किया गया।

इस गौरवमयी कार्यक्रम की आधिकारिक शुरुआत नगर परिषद के कार्यपालक पदाधिकारी अभिषेक आनंद ने हरी झंडी दिखाकर की। नगर परिषद कार्यालय से शुरू हुई यह जागरूकता रैली सुल्तानगंज के विभिन्न मुख्य मार्गों से होते हुए पूरे विश्व प्रसिद्ध श्रावणी मेला क्षेत्र में घूमी।

रैली में शामिल जनप्रतिनिधियों और नगर परिषद के कर्मचारियों ने हाथों में तिरंगा लेकर देशभक्ति के नारे लगाए। इस दौरान लाउडस्पीकर और नारों के माध्यम से आम नागरिकों, दुकानदारों और श्रद्धालुओं से अपील की गई कि वे स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर अपने-अपने घरों, प्रतिष्ठानों और दुकानों पर गरिमा के साथ तिरंगा जरूर फहराएं और इस राष्ट्रीय उत्सव का हिस्सा बनें। इस अभियान को सफल बनाने के लिए स्थानीय जनप्रतिनिधियों ने भी बढ़-चढ़कर अपनी भागीदारी सुनिश्चित की।

मौके पर मुख्य रूप से वार्ड पार्षद रामानंद पासवान, नवीन कुमार बन्नी सहित कई अन्य वार्ड पार्षद उपस्थित थे। इसके साथ ही नगर परिषद सुल्तानगंज के तमाम आला अधिकारी, कार्यालय कर्मी और बड़ी संख्या में सफाई कर्मी भी रैली में शामिल होकर लोगों को राष्ट्रप्रेम के प्रति प्रेरित करते नजर आए।

कार्यपालक पदाधिकारी ने कहा कि इस अभियान का मुख्य उद्देश्य हर नागरिक के दिल में देशभक्ति की भावना को जगाना और राष्ट्रध्वज के प्रति सम्मान बढ़ाना है।

हिन्दुस्थान समाचार / बिजय शंकर

Share this story