रूईधासा वाजपेयी कॉलोनी में निर्माणाधीन हनुमान मंदिर में मनाई गई हनुमान जयंती
किशनगंज, 02 अप्रैल (हि.स.)। शहर के वार्ड संख्या 24 स्थित रूईधासा वाजपेयी कॉलोनी के निर्माणाधीन हनुमान मंदिर में गुरुवार को हनुमान जयंती श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाई गई।
इस अवसर पर भगवान हनुमान की विधि-विधान के साथ पूजा-अर्चना की गई और भक्तों ने विशेष आरती कर मंगलकामना की। कार्यक्रम के दौरान पुरोहित जय हिंद मिश्रा ने वैदिक मंत्रोच्चार के साथ पूजा संपन्न कराई। इस दौरान ध्वज स्थापना भी की गई और श्रद्धालुओं ने बजरंगबली की महिमा का गुणगान किया।
पूजा के दौरान पूरा वातावरण भक्तिमय हो गया। इस अवसर पर भाजपा जिलाध्यक्ष गोपाल मोहन सिंह ने कहा कि इस प्रकार के धार्मिक आयोजनों से समाज में सांस्कृतिक और धार्मिक चेतना मजबूत होती है तथा सकारात्मक ऊर्जा का संचार होता है। कार्यक्रम में मंदिर कमेटी के अमरजीत कुमार, उमेश ओझा, धर्मेंद्र सिंह, बृजमोहन प्रसाद सिंह, ज्योति कुमार सोनू, चंदन कर्ण सहित अन्य श्रद्धालु उपस्थित थे।वहीं हनुमान जयंती के अवसर पर शहर के विभिन्न हनुमान मंदिरों में भी श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी।
ठाकुरबाड़ी हनुमान मंदिर, स्टेशन रोड हनुमान मंदिर, डुमरिया काली मंदिर स्थित बजरंगबली मंदिर, बूढ़ी काली मंदिर परिसर स्थित हनुमान मंदिर, बस स्टैंड के पास हनुमान मंदिर, ढेकसारा काली मंदिर परिसर, उत्तरपाली हनुमान मंदिर, खगड़ा हनुमान मंदिर, कोर्ट परिसर स्थित हनुमान मंदिर तथा उत्पाद कार्यालय परिसर स्थित हनुमान मंदिरों में श्रद्धालुओं ने पूजा-अर्चना की। सुबह से ही श्रद्धालु मंदिरों में पहुंचकर बजरंगबली के दर्शन कर रहे थे। मंदिरों में दीप प्रज्वलित किए गए और भजन-कीर्तन से वातावरण भक्तिमय बना रहा। कई स्थानों पर खिचड़ी, खीर सहित प्रसाद का वितरण भी किया गया।
हिन्दुस्थान समाचार / धर्मेन्द्र सिंह

