बिहार हैंडबॉल चैंपियनशिप का नवादा बना विजेता
नवादा 20 जून (हि.स.)।
बिहार हैंडबॉल संघ के तत्वावधान में रोहतास जिला हैंडबॉल संघ के तत्वावधान में सासाराम में आयोजित स्व.मालती कुंवर एवं स्व सरोज स्मृति 11वीं बिहार राज्य सब जूनियर बालिका हैंडबॉल प्रतियोगिता का चैंपियन की खिताब नवादा ने जीत लिया है।
आयोजन सचिव विनय कृष्ण ने पूरी जानकारी देते हुए बताया कि तीन दिनों से चल रही राज्य स्तरीय प्रतियोगिता के अंतिम दिन फाइनल मैच में नवादा की टीम ने पटना की टीम को 12-06 से पराजित कर चैंपियन बनने का गौरव हासिल किया। इससे पहले क्वार्टर फाइनल में खेले गये मैचों के परिणाम में पहले क्वार्टर फाइनल मैच में सारण ने गोपालगंज को 5-1 से दूसरे क्वार्टर फाइनल में पटना ने पश्चिम चंपारण को 14-3 से तीसरे क्वार्टरफाइनल में मुंगेर ने औरंगाबाद को 14-4 से और चौथे क्वार्टर फाइनल मैच में नवादा ने बेगूसराय को 8-1 से हरा सेमीफाइनल का टिकट पक्का किया इस तरह पहले सेमीफाइनल में पटना की टीम ने सारण को 06-02 से हराकर फाइनल में प्रवेश करने वाली पहली टीम बनी।
इस तरह दूसरे सेमीफाइनल में नवादा की टीम ने मुंगेर को 15-08 से पराजित फाइनल में जगह बनाया।वहीं फाइनल में नवादा की टीम ने पटना को एक तरफा मुकाबले में 12-06,से पराजित कर इस प्रतियोगिता का खिताब जीत लिया।
समापन समारोह के अवसर पर खिलाड़ियों को विद्यालय के निर्देशक डॉ.पृथ्वीपाल सिंह ,समाज सेवी विमलेश सिंह, जिला हैंडबॉल संघ के अध्यक्ष नरेंद्र कुमार राय, बिहार राज्य हैंडबॉल संघ के महासचिव बृज किशोर शर्मा ने विजेता एवं उपविजेता ट्रॉफी के साथ-साथ प्रमाण पत्र और मेडल प्रदान कर पुरस्कृत किया। प्रतियोगिता में 'प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट' का पुरस्कार पटना की स्नेहा कुमारी को दिया गया जबकि 'सर्वश्रेष्ठ गोलकीपर' का पुरस्कार नवादा की अवनी वत्स को दिया गया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / संजय कुमार सुमन

