बिहार हैमर बॉल टीम राष्ट्रीय प्रतियोगिता में उपविजेता
पटना, 24 सितंबर (हि.स.)। तृतीय जूनियर हैमर बॉल राष्ट्रीय प्रतियोगिता में बिहार की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए उपविजेता का खिताब हासिल किया।
जयपुर के भवानी निकेतन शिक्षण संस्थान में आयोजित प्रतियोगिता के फाइनल में बिहार का मुकाबला उत्तर प्रदेश से हुआ, जिसमें उत्तर प्रदेश ने 173 अंक बनाकर विजेता ट्रॉफी अपने नाम की।
प्रतियोगिता में बिहार की टीम ने पूरे टूर्नामेंट के दौरान शानदार खेल कौशल, अनुशासन और टीम भावना का प्रदर्शन करते हुए फाइनल तक का सफर तय किया।
बिहार के खिलाड़ियों के इस प्रदर्शन से राज्य में हैमर बॉल खेल की बढ़ती लोकप्रियता और प्रतिभा को नई पहचान मिली है।
बिहार टीम के प्रदर्शन में ईस्ट जोन निदेशक एवं हैमर बॉल से जुड़े पदाधिकारी मोहित श्रीवास्तव और सचिव रणजीत श्रीवास्तव की महत्वपूर्ण भूमिका रही। उनके मार्गदर्शन और खिलाड़ियों के प्रोत्साहन से बिहार की टीम ने राष्ट्रीय स्तर पर प्रभावशाली प्रदर्शन करते हुए उपविजेता का स्थान प्राप्त किया।
प्रतियोगिता में देश के विभिन्न राज्यों की जूनियर टीमों ने भाग लिया। इस अवसर पर हैमर बॉल एसोसिएशन ऑफ इंडिया के राष्ट्रीय महासचिव मनीष श्रीवास्तव, उत्तरी भारत के निदेशक जोगिंद्र देव आर्य, नॉर्थ ईस्ट निदेशक पिकलू राम सहित विभिन्न राज्यों के पदाधिकारी उपस्थित रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / चंदा कुमारी

