ज्ञान भारतम मिशन के तहत सिमरबनी में पांडुलिपियों का अवलोकन

WhatsApp Channel Join Now
ज्ञान भारतम मिशन के तहत सिमरबनी में पांडुलिपियों का अवलोकन


अररिया 11 अप्रैल(हि.स.)।

जिले के भरगामा के सिमरबनी में ज्ञान भारतम मिशन के तहत सिमरबनी में शनिवार को पांडुलिपियों का अवलोकन किया गया। जिला कला संस्कृति पदाधिकारी द्वारा स्थानीय स्तर पर उपलब्ध प्राचीन पांडुलिपियों का निरीक्षण किया गया। अवलोकन के दौरान यह देखा गया कि क्षेत्र में कई महत्वपूर्ण पांडुलिपियां अब भी संरक्षित हैं, जिन्हें सूचीबद्ध कर डिजिटल स्वरूप में संरक्षित किया जाना आवश्यक है।

उपस्थित लोगों को पांडुलिपियों के संरक्षण, सूचीकरण एवं डिजिटलीकरण के महत्व के बारे में जानकारी भी दी तथा उन्हें इस अभियान से जुड़ने के लिए प्रेरित किया। साथ ही यह भी बताया गया कि जिन व्यक्तियों, संस्थानों या समुदायों के पास 75 वर्ष या उससे अधिक पुरानी पांडुलिपियां हैं, वे इस राष्ट्रीय सर्वेक्षण में भाग लेकर देश की अमूल्य धरोहर को सुरक्षित रखने में योगदान दे सकते हैं। यह पहल भारत की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है, जिससे आने वाली पीढ़ियों के लिए ज्ञान के इस अनमोल भंडार को सुरक्षित रखा जा सकेगा।

हिन्दुस्थान समाचार / राहुल कुमार ठाकुर

Share this story