गुरु नानक देव जी का 557वां प्रकाश पर्व 22 से, तीन दिनों तक गूंजेगी गुरुवाणी

WhatsApp Channel Join Now
गुरु नानक देव जी का 557वां प्रकाश पर्व 22 से, तीन दिनों तक गूंजेगी गुरुवाणी


किशनगंज, 18 नवंबर (हि.स.)। सिख पंथ के संस्थापक एवं प्रथम पातशाह श्री गुरु नानक देव जी महाराज का 557वां पावन प्रकाश पर्व किशनगंज में 22 से 24 नवंबर तक श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाया जाएगा।

इस अवसर पर शहर के महावीर मार्ग स्थित गुरुद्वारा श्री गुरु सिंह सभा में तीन दिवसीय भव्य धार्मिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। प्रकाश पर्व को लेकर गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी की ओर से तैयारियां शुरू कर दी गई हैं।

आयोजन के दौरान शबद-कीर्तन, गुरुवाणी, नगर कीर्तन और गुरु के अटूट लंगर का आयोजन होगा। बुधवार को बिहार राज्य अल्पसंख्यक आयोग के उपाध्यक्ष सह गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी किशनगंज के प्रधान सरदार लखविंदर सिंह लक्खा ने बताया कि तीन दिवसीय कार्यक्रम की शुरुआत 22 नवंबर को अखंड पाठ की आरंभता और कीर्तन के साथ होगी। इसके बाद 23 नवंबर को दोपहर 12 बजे गुरुद्वारा परिसर से भव्य नगर कीर्तन एवं शोभायात्रा निकाली जाएगी। इसमें किशनगंज सहित आसपास के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में सिख संगत और श्रद्धालुओं के शामिल होने की संभावना है।

प्रकाश पर्व के मुख्य अवसर पर 24 नवंबर को सुबह से दोपहर तक गुरुद्वारा परिसर में विशेष धार्मिक दीवान सजाया जाएगा। इस दौरान श्रद्धालु गुरु नानक देव जी की वाणी और उनके बताए मार्ग को याद करेंगे। वहीं शाम को भव्य कीर्तन दरबार आयोजित होगा। इसमें विभिन्न रागी जत्थों द्वारा शबद-कीर्तन और गुरुवाणी का गायन किया जाएगा। देर रात तक धार्मिक कार्यक्रमों का सिलसिला जारी रहेगा।

तीनों दिन गुरुद्वारा परिसर में श्रद्धालुओं के लिए गुरु का अटूट लंगर बरताया जाएगा। गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी आयोजन को भव्य और व्यवस्थित बनाने में जुटी है। प्रकाश पर्व के माध्यम से गुरु नानक देव जी के प्रेम, समानता, भाईचारे और मानव सेवा के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने का प्रयास किया जाएगा।

हिन्दुस्थान समाचार / धर्मेन्द्र सिंह

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

779174 Articles

Share this story