सुल्तानगंज स्टेशन पर अस्थायी जीआरपी थाना का शुभारंभ, सुरक्षा के लिए सैकड़ों जवान रहेंगे तैनात

WhatsApp Channel Join Now
सुल्तानगंज स्टेशन पर अस्थायी जीआरपी थाना का शुभारंभ, सुरक्षा के लिए सैकड़ों जवान रहेंगे तैनात


भागलपुर, 25 जुलाई (हि.स.)। जिले के सुल्तानगंज में शुरू हो रहे विश्व प्रसिद्ध श्रावणी मेला को लेकर रेल प्रशासन ने सुरक्षा और कानून-व्यवस्था की तैयारियों को अंतिम रूप देना शुरू कर दिया है। सुल्तानगंज रेलवे स्टेशन परिसर में अस्थायी जीआरपी थाना का उद्घाटन शनिवार को रेल एसपी विद्यासागर एवं जमालपुर रेल जिला के एएसपी उमेश्वर चौधरी ने संयुक्त रूप से फीता काटकर और नारियल फोड़कर किया।

मौके पर डी.एल. मंडल को अस्थायी जीआरपी थाना का प्रभारी नियुक्त करते हुए मेला अवधि में सुरक्षा, विधि-व्यवस्था और श्रद्धालुओं की सुविधा सुनिश्चित करने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। रेल एसपी ने कहा कि श्रावणी मेला के दौरान लाखों शिवभक्त कांवरियों के सुल्तानगंज पहुंचने की संभावना है। इसे देखते हुए रेलवे स्टेशन पर व्यापक सुरक्षा व्यवस्था की गई है ताकि किसी भी श्रद्धालु को असुविधा का सामना न करना पड़े।

उन्होंने बताया कि स्टेशन पर सैकड़ों पुलिसकर्मियों के साथ लगभग 50 रेल पुलिस अधिकारियों की प्रतिनियुक्ति की गई है। इनमें भारी संख्या में दंडाधिकारी, सादे लिबास में पुलिसकर्मी तथा अतिरिक्त होमगार्ड के जवान भी शामिल रहेंगे। सुरक्षा को और मजबूत बनाने के लिए मुख्य प्रवेश एवं निकास द्वार पर डोर मेटल डिटेक्टर लगाए जाएंगे, जबकि दर्जनभर से अधिक हैंड मेटल डिटेक्टर के साथ पुलिस बल की तैनाती होगी। भीड़ की निगरानी के लिए 15 अतिरिक्त सीसीटीवी कैमरे भी लगाए जा रहे हैं।

रेल एसपी ने बताया कि स्टेशन परिसर में 'आई हेल्प यू' बूथ स्थापित किए जाएंगे और अस्थायी थाना 24 घंटे कार्यरत रहेगा। संदिग्ध व्यक्तियों पर विशेष नजर रखी जाएगी तथा वरीय रेल अधिकारी समय-समय पर औचक निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेते रहेंगे। रेल प्रशासन ने भरोसा दिलाया कि इस बार श्रावणी मेला के दौरान श्रद्धालुओं को सुरक्षित, सुगम और व्यवस्थित यात्रा का अनुभव मिलेगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / बिजय शंकर

Share this story