सहरसा जंक्शन पर 15 किलो गांजा के साथ एक तस्कर गिरफ्तार

WhatsApp Channel Join Now
सहरसा जंक्शन पर 15 किलो गांजा के साथ एक तस्कर गिरफ्तार


सहरसा, 14 जुलाई (हि.स.)। सहरसा रेलवे सुरक्षा बल और राजकीय रेल पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में मंगलवार सुबह सहरसा रेलवे स्टेशन पर 04071 सुपौल से नई दिल्ली जा रही ट्रेन से 15 किलोग्राम गांजा बरामद कर बड़ी उपलब्धि हासिल की गई।

इस मामले में हरियाणा निवासी एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया है। बरामद गांजे की अनुमानित कीमत करीब 7.50 लाख रुपये बताई गई है।

आरपीएफ पोस्ट निरीक्षक धनंजय कुमार को मंगलवार सुबह करीब 8:40 बजे गुप्त सूचना मिली कि ट्रेन संख्या 04071 के एक कोच में जितेंद्र नामक व्यक्ति सुपौल से नई दिल्ली की ओर मादक पदार्थ लेकर यात्रा कर रहा है सूचना मिलते ही आरपीएफ ने जीआरपी के साथ संयुक्त अभियान चलाया।

वही प्लेटफॉर्म संख्या-3 पर खड़ी ट्रेन की तलाशी ली गई। प्रारंभिक जांच में संदिग्ध नहीं मिलने पर ऑन ड्यूटी टीटीई से जानकारी ली गई।टीटीई ने बताया कि जितेंद्र नाम का यात्री कोच बी-2 की सीट संख्या 58 पर सुपौल से बनारस तक का आरक्षित टिकट लेकर यात्रा कर रहा है।

टीम जब उक्त सीट पर पहुंची तो एक व्यक्ति चादर ओढ़कर सोया मिला। पूछताछ में उसने अपना नाम जितेंद्र बताया, लेकिन सामान के संबंध में संतोषजनक जवाब नहीं दे सका। बाद में उसने स्वीकार किया कि उसके ट्रॉली बैग, पिट्ठू बैग और हैंडबैग में गांजा रखा है।

ट्रेन के निर्धारित प्रस्थान समय को देखते हुए यात्री और उसके तीनों बैग को वीडियो रिकॉर्डिंग के साथ उतारकर आरपीएफ पोस्ट लाया गया।तत्पश्चात दंडाधिकारी ललन कुमार चौधरी मार्केटिंग ऑफिसर, सत्तरकटैया की मौजूदगी में बैगों की सघन तलाशी ली गई।

बरामद सामग्री का इलेक्ट्रॉनिक तराजू से वजन करने पर कुल 15 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ। गिरफ्तार आरोपी की पहचान 39 वर्षीय जितेंद्र पिता- सुरेश कुमार, निवासी लक्ष्मीनगर, थाना एवं जिला भिवानी, हरियाणा के रूप में हुई है। उसकी तलाशी में दो मोबाइल फोन भी बरामद किए गए है।

जीआरपी सहरसा ने आरोपी के विरुद्ध रेल थाना कांड संख्या 30/26 के तहत एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/20(बी)(ii)(बी) में प्राथमिकी दर्ज कर ली है। मामले की जांच अवर निरीक्षक राजेश कुमार को सौंपी गई है।

वही पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि गांजे की खेप कहां से लाई गई थी और इसे किसे पहुंचाया जाना था। ज्ञात हो कि इससे पूर्व भी जीआरपी व आरपीएफ द्वारा ट्रेन से तस्कर एवं गांजा तथा शराब की बड़ी खेप बरामद की जा चुकी है।

हिन्दुस्थान समाचार / अजय कुमार

Share this story