महाष्टमी पर मारवाड़ी ठाकुरबाड़ी में 151 कन्याओं का हुआ पूजन

WhatsApp Channel Join Now
महाष्टमी पर मारवाड़ी ठाकुरबाड़ी में 151 कन्याओं का हुआ पूजन


अररिया, 18 अक्टूबर(हि.स.)। शारदीय नवरात्र की महाष्टमी पर रविवार को फारबिसगंज श्री लक्ष्मी नारायण मारवाड़ी ठाकुरबाड़ी स्थित श्री दुर्गा मंदिर में श्रद्धा और भक्ति भाव के साथ कन्या पूजन का आयोजन किया गया। मौके पर 151 छोटी-छोटी कन्याओं की विधि-विधान से पूजा-अर्चना की गई। इसके बाद उन्हें श्रद्धापूर्वक भोजन कराया गया तथा उपहार प्रदान कर उनका आशीर्वाद लिया गया। मंदिर परिसर में आयोजित इस धार्मिक अनुष्ठान में बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए।

नवरात्र में कन्या पूजन का विशेष धार्मिक महत्व माना जाता है। मान्यता के अनुसार, छोटी कन्याओं में मां दुर्गा के विभिन्न स्वरूपों का वास होता है। इसी आस्था के साथ श्रद्धालु कन्याओं को देवी स्वरूप मानकर उनकी पूजा करते हैं और उन्हें भोजन कराकर उपहार भेंट करते हैं।

महाष्टमी के अवसर पर आयोजित इस अनुष्ठान के दौरान भी भक्तों ने कन्याओं के चरण पूजन कर श्रद्धापूर्वक उन्हें भोजन कराया और उपहार देकर सुख-समृद्धि की कामना की।

मंदिर परिसर में सुबह से ही पूजा-अर्चना को लेकर भक्तिमय माहौल बना रहा। मां दुर्गा के आठवें स्वरूप मां महागौरी की आराधना के साथ कन्या पूजन संपन्न कराया गया। आयोजन में महिलाओं और बच्चों की भी अच्छी भागीदारी रही। श्रद्धालुओं ने पूरे भक्तिभाव से धार्मिक अनुष्ठान में हिस्सा लिया।

इस मौके पर मुख्य यजमान भीम अग्रवाल के अलावा मंदिर के व्यवस्थापक पवन शर्मा, सुभाष अग्रवाल, पवन अग्रवाल, नवीन झुनझुनवाला सहित बड़ी संख्या में महिला, पुरुष और बच्चे मौजूद थे।

मंदिर के पुजारी पंडित अंगद दुबे एवं अभिषेक दुबे ने बताया कि शारदीय नवरात्र के आठवें दिन मां दुर्गा के आठवें स्वरूप मां महागौरी की पूजा-अर्चना की जाती है।

हिन्दुस्थान समाचार / राहुल कुमार ठाकुर

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

763160 Articles

Share this story