स्वास्थ्य केंद्रों और नल-जल योजना की जमीनी जांच शुरू

WhatsApp Channel Join Now
स्वास्थ्य केंद्रों और नल-जल योजना की जमीनी जांच शुरू


भागलपुर, 29 अक्टूबर (हि.स.)। जिले में स्वास्थ्य केंद्रों और नल-जल योजनाओं की जमीनी हकीकत परखने के लिए जिला प्रशासन ने कमर कस ली है।

आम नागरिकों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं और स्वच्छ पेयजल की उपलब्धता सुनिश्चित करने के उद्देश्य से जिला ग्रामीण विकास अभिकरण (डीआरडीए), भागलपुर ने संबंधित पदाधिकारियों को सघन जांच व निरीक्षण करने के निर्देश जारी किए हैं।

इस निर्देश के आलोक में जांच पदाधिकारियों को अपनी आवंटित पंचायतों में स्थित स्वास्थ्य केंद्रों और नल-जल योजनाओं का स्थलीय निरीक्षण कर वर्तमान स्थिति का आकलन करने को कहा गया है। जांच दल स्वास्थ्य केंद्रों में उपलब्ध सुविधाओं, सेवाओं और नल-जल योजनाओं की क्रियाशीलता की बारीकी से जांच कर वस्तुस्थिति रिपोर्ट तैयार करेगा।

आदेश के अनुसार, जांच पदाधिकारियों को 28 और 29 अक्टूबर 2026 को हर हाल में निरीक्षण कार्य पूरा करना था। इसके बाद, तैयार की गई जांच रिपोर्ट को 30 अक्टूबर 2026 तक संबंधित प्रखंड विकास पदाधिकारी (बीडीओ) के माध्यम से जिला ग्रामीण विकास अभिकरण को उपलब्ध कराने का निर्देश दिया गया है। जांच दल की मदद के लिए संबंधित पंचायतों के पंचायत तकनीकी सहायक को भी इस कार्य से संबद्ध किया गया है।

सभी प्रखंड विकास पदाधिकारियों को सख्त निर्देश दिया गया है कि वे अपने-अपने प्रखंड के अंतर्गत हुए निरीक्षण की समेकित (कंसोलिडेटेड) रिपोर्ट निर्धारित समय-सीमा के भीतर जिला ग्रामीण विकास अभिकरण को सौंपना सुनिश्चित करें। इसके साथ ही, सभी प्रखंडों के वरीय प्रभारी पदाधिकारियों को इस पूरे निरीक्षण कार्य की मॉनिटरिंग (अनुश्रवण) करने और समयबद्ध रिपोर्ट उपलब्ध कराने की जिम्मेदारी दी गई है। जिला प्रशासन की इस बड़ी पहल का मुख्य उद्देश्य स्वास्थ्य सेवाओं और पेयजल योजनाओं की वास्तविक स्थिति जानकर जरूरी सुधारात्मक कदम उठाना है, ताकि धरातल पर आम जनता को इन सरकारी योजनाओं का सीधा और बेहतर लाभ मिल सके।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / बिजय शंकर

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

768699 Articles

Share this story