हर घर तिरंगा अभियान-2026 के तहत निकाली भव्य तिरंगा यात्रा
सहरसा, 13 अगस्त (हि.स.)। आजादी के अमृत महोत्सव की भावना को जन-जन तक पहुँचाने तथा राष्ट्रीय ध्वज के प्रति सम्मान, गौरव एवं देशभक्ति की भावना को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से हर घर तिरंगा अभियान-2026 के तहत गुरुवार को मोहन साह विद्यालय, बरियाही, प्रखंड-कहरा, जिला-सहरसा से भव्य तिरंगा यात्रा निकाली गई।
तिरंगा यात्रा का नेतृत्व जिलाधिकारी दीपेश कुमार ने किया। तिरंगा यात्रा में पुलिस अधीक्षक, नगर आयुक्त, नगर निगम, अपर समाहर्ता, अनुमंडल पदाधिकारी, जिला शिक्षा पदाधिकारी सहित अन्य वरीय पदाधिकारियों, जिला प्रशासन एवं पुलिस प्रशासन के पदाधिकारियों एवं कर्मियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की।
सभी ने हाथों में तिरंगा लेकर यात्रा में भाग लिया तथा आमजनों को राष्ट्रीय एकता, अखंडता एवं राष्ट्रप्रेम का संदेश दिया। यात्रा के दौरान बरियाही क्षेत्र का वातावरण देशभक्ति की भावना से ओत-प्रोत रहा। बड़ी संख्या में लोगों ने तिरंगा यात्रा के प्रति उत्साह एवं सम्मान प्रदर्शित किया।
यात्रा में शामिल पदाधिकारियों एवं प्रतिभागियों ने नागरिकों को “हर घर तिरंगा” अभियान से जुड़ने तथा अपने घरों एवं प्रतिष्ठानों पर सम्मानपूर्वक राष्ट्रीय ध्वज फहराने के लिए प्रेरित किया। जिलाधिकारी ने कहा कि तिरंगा हमारी राष्ट्रीय पहचान, गौरव, एकता एवं अखंडता का प्रतीक है। उन्होंने जिलेवासियों से हर घर तिरंगा अभियान-2026 में बढ़-चढ़कर भागीदारी सुनिश्चित करने की अपील की।
जिला प्रशासन द्वारा बताया गया कि अभियान के अंतर्गत विभिन्न जागरूकता एवं सांस्कृतिक गतिविधियों के माध्यम से जनभागीदारी को व्यापक स्वरूप दिया जा रहा है। तिरंगा यात्रा का उद्देश्य नागरिकों में राष्ट्रप्रेम, राष्ट्रीय कर्तव्यों एवं देश की एकता-अखंडता के प्रति जागरूकता की भावना को और मजबूत करना है।
हिन्दुस्थान समाचार / अजय कुमार

