सीवान में रामनवमी पर भव्य शोभायात्रा, जयकारों से गूंजा शहर
सीवान, 27 मार्च (हि.स.)।
रामनवमी के अवसर पर शुक्रवार को मर्यादा पुरुषोत्तम भगवान श्रीराम के जन्मोत्सव को लेकर पूरा शहर राममय नजर आया। गाजे-बाजे के साथ भव्य और विशाल शोभायात्रा निकाली गयी, जिसमें हजारों की संख्या में रामभक्त शामिल हुए। तेज धूप और गर्मी के बावजूद श्रद्धालुओं का उत्साह चरम पर रहा। “जय श्रीराम” और “हर हर महादेव” के जयकारों से शहर का वातावरण भक्तिमय बना रहा।
श्रीराम जन्म महोत्सव समिति के नेतृत्व में निकली इस शोभायात्रा में महिलाएं, युवा और बुजुर्ग बड़ी संख्या में शामिल हुए। महिलाएं पारंपरिक गीत और भजन गाते हुए जुलूस के साथ चल रही थीं। शोभायात्रा में शामिल झांकियां, बैंड-बाजा और हनुमान स्वरूप धारण किए श्रद्धालु आकर्षण का केंद्र बने रहे। कई स्थानों पर महिलाओं ने आरती उतारकर और पुष्प वर्षा कर शोभायात्रा का भव्य स्वागत किया।
जुलूस में शामिल हुए मंत्री व जनप्रतिनिधि
शोभायात्रा में बिहार सरकार के स्वास्थ्य मंत्री मंगल पांडे, भाजपा जिलाध्यक्ष राहुल तिवारी एवं पूर्व जिलाध्यक्ष संजय पांडे भी शामिल हुए। सभी ने श्रद्धालुओं के साथ भगवान श्रीराम के जयकारे लगाए और शोभायात्रा में सहभागिता निभाई।
प्रशासन रहा अलर्ट, ड्रोन से निगरानी
शोभायात्रा को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद रहा। डीएम, एसपी समेत सभी वरीय अधिकारी लगातार जुलूस की निगरानी करते रहे। ड्रोन कैमरों के माध्यम से पूरे जुलूस पर नजर रखी गयी और हर गतिविधि की वीडियोग्राफी करायी गयी। शहर के प्रमुख स्थानों पर मजिस्ट्रेट, दंडाधिकारी और भारी संख्या में पुलिस बल की तैनाती की गयी थी, वहीं करीब 100 सीसीटीवी कैमरों से भी निगरानी की जा रही थी।
भगवा रंग में रंगा पूरा शहर
श्रीराम जन्मोत्सव के अवसर पर पूरा शहर भगवा रंग में सराबोर दिखा। मंदिरों और मुख्य सड़कों को आकर्षक ढंग से सजाया गया था। जगह-जगह तोरण द्वार बनाये गये थे। जुलूस जिस मार्ग से गुजर रहा था, वहां श्रद्धालु भगवान श्रीराम के दर्शन के लिए उमड़ पड़े।
गांधी मैदान से निकली शोभायात्रा
हर वर्ष की तरह इस बार भी गांधी मैदान से शोभायात्रा की शुरुआत हुई। चैत्र नवरात्र के प्रथम दिन से ही यहां पूजा-अर्चना का क्रम शुरू हो जाता है, जो नौ दिनों तक चलता है। रामनवमी के दिन पूजा के समापन के बाद भगवान श्रीराम की प्रतिमा के साथ शोभायात्रा निकाली गयी, जो शहर के विभिन्न मार्गों से होकर पुनः गांधी मैदान पहुंचकर संपन्न हुई।
स्वागत में उमड़ा जनसैलाब
शहर के विभिन्न चौक-चौराहों पर शोभायात्रा का भव्य स्वागत किया गया। श्रद्धालुओं के लिए जगह-जगह फल, मिठाई, शर्बत और पानी की व्यवस्था की गयी थी। लोगों ने फूलों की वर्षा कर भगवान श्रीराम का अभिनंदन किया।
सोशल मीडिया पर भी छाई रही झलक
शोभायात्रा की आकर्षक झांकियों और पलों को कैमरे में कैद करने की होड़ लगी रही। युवक-युवतियां सेल्फी लेकर सोशल मीडिया पर साझा करते नजर आए।
महानवमी पर मां सिद्धिदात्री की पूजा
इधर, चैत्र नवरात्र के नौवें दिन महानवमी पर मां सिद्धिदात्री की पूजा-अर्चना की गयी। शहर के विभिन्न मंदिरों में सुबह से ही श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ पड़ी। भक्तों ने मां दुर्गा से सुख-समृद्धि की कामना की। गांधी मैदान स्थित बुढ़िया माई मंदिर, कचहरी रोड दुर्गा मंदिर समेत अन्य देवी मंदिरों में पूरे दिन पूजा-पाठ का माहौल बना रहा।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / Amar Nath Sharma

