नदियामी में 19 से 28 अप्रैल तक लक्ष्मी नारायण महायज्ञ, एक हजार कन्याओं के साथ निकलेगी भव्य कलश यात्रा
दरभंगा, 17 मार्च (हि.स.)।
बिहार में दरभंगा जिले के अलीनगर प्रखंड क्षेत्र के नदियामी गांव में आगामी 19 अप्रैल से 28 अप्रैल तक भव्य लक्ष्मी नारायण महायज्ञ का आयोजन किया जाएगा। इस धार्मिक अनुष्ठान को लेकर क्षेत्र में श्रद्धालुओं के बीच उत्साह का माहौल है और आयोजन की तैयारियां जोर-शोर से चल रही हैं।
महायज्ञ कमेटी के सदस्य शशि नारायण चौधरी एवं संजीव कुमार चौधरी ने बताया कि महायज्ञ की शुरुआत 19 अप्रैल को भव्य कलश यात्रा के साथ होगी। इस कलश यात्रा में लगभग एक हजार कन्याएं भाग लेंगी। कलश यात्रा महायज्ञ स्थल से निकलकर ठेंगहा के निकट स्थित फेटकी कुटी तक जाएगी, जिसकी दूरी लगभग दस किलोमीटर बताई जा रही है। पूरे मार्ग में श्रद्धालुओं द्वारा भक्ति-मय वातावरण के बीच यात्रा का स्वागत किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि महायज्ञ स्थल नदियामी उच्च विद्यालय प्लस टू के निकट बनाया जा रहा है, जो लगभग सवा सौ एकड़ क्षेत्र में फैला हुआ है। आयोजन के दौरान करीब पचास लाख श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना जताई जा रही है। महायज्ञ के दौरान सुप्रसिद्ध कथावाचिका जया किशोरी का प्रवचन 20 अप्रैल से 27 अप्रैल तक प्रतिदिन होगा, जिसे सुनने के लिए दूर-दराज से श्रद्धालुओं के आने की संभावना है।
इसके अलावा प्रख्यात लोकगायिका एवं अलीनगर विधानसभा क्षेत्र की विधायक मैथिली ठाकुर का भक्ति गायन कार्यक्रम भी प्रस्तावित है, जिससे महायज्ञ का माहौल और भी भक्तिमय होने की उम्मीद है।
महायज्ञ की सफलता को लेकर स्थानीय कार्यकर्ता रामचंद्र शाहू, रामेश्वर शाहू, धीरज कुमार शाहू, रामवतार शाहू तथा रामविलास शाहू सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण सक्रिय रूप से तैयारी में जुटे हुए हैं। आयोजन समिति का कहना है कि यह महायज्ञ क्षेत्र के धार्मिक और सांस्कृतिक जीवन में एक ऐतिहासिक आयोजन साबित होगा
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / Krishna Mohan Mishra

