भव्य कलश यात्रा से राममय हुआ सीवान, रविवार से शुरू होगी श्रीराम कथा

WhatsApp Channel Join Now
भव्य कलश यात्रा से राममय हुआ सीवान, रविवार से शुरू होगी श्रीराम कथा


सीवान, 07 मार्च (हि.स.)। सीवान नगर में शनिवार को भव्य कलश यात्रा के साथ वातावरण पूरी तरह राममय हो गया। नगर की सड़कों पर निकली श्रद्धा और आस्था की इस विशाल यात्रा में हजारों श्रद्धालुओं ने भाग लिया। मातृशक्ति सिर पर कलश और मन में प्रभु श्रीराम का स्मरण करते हुए पूरे उत्साह और भक्ति भाव के साथ यात्रा में शामिल हुई।

श्रीराम कथा के अवसर पर निकली यह कलश यात्रा नगर के तरवारा मोड़ से शुरू होकर बाबुनिया मोड़, जेपी चौक और मालवीय चौक होते हुए वीएमएचई इंटर कॉलेज के प्रांगण तक पहुंची। रास्ते में नगरवासियों ने जगह-जगह पुष्प वर्षा कर श्रद्धालुओं का स्वागत किया। “जय श्रीराम” और “हर-हर महादेव” के जयघोष से पूरा शहर गुंजायमान हो उठा।

कलश यात्रा में वेद विद्यालय के बटुक, रामदरबार की आकर्षक झांकी, पौराणिक महत्व वाली पंगनूर गाय, इस्कॉन की कीर्तन मंडली और मुखौटा कलाकारों की प्रस्तुति श्रद्धालुओं के आकर्षण का केंद्र रही। यात्रा के दौरान भरौली मठ के महंत स्वामी राम नारायण दास पौराणिक महत्व वाली पंगनूर गौमाता के साथ रथ पर सवार थे, जबकि अंतरराष्ट्रीय कथावाचक पूज्य राजन जी महाराज पुष्पों से सुसज्जित वाहन में विराजमान थे।

यात्रा में हर आयु वर्ग के लोगों की भागीदारी देखने को मिली। अनुशासन और गरिमा के साथ निकली इस कलश यात्रा ने नगरवासियों को भक्ति और सांस्कृतिक समागम का अद्भुत दृश्य प्रदान किया।

कलश यात्रा वीएमएचई इंटर कॉलेज के प्रांगण में पहुंचकर संपन्न हुई, जहां सभी कलश कथा स्थल पर स्थापित किए गए। आयोजन समिति के अनुसार नौ दिवसीय कथा के समापन के बाद ये कलश मातृशक्ति को प्रदान किए जाएंगे।

रविवार से वीएमएचई इंटर कॉलेज के प्रांगण में अंतरराष्ट्रीय कथावाचक पूज्य राजन जी महाराज के श्रीमुख से संगीतमय और रसपूर्ण श्रीराम कथा का वाचन प्रतिदिन संध्या 4:30 बजे से रात्रि 8:00 बजे तक किया जाएगा।

श्रीराम कथा आयोजन समिति के संरक्षक डॉ. रामेश्वर कुमार, डॉ. राम इकबाल गुप्ता, अध्यक्ष डॉ. राजन कल्याण सिंह, स्वागताध्यक्ष डॉ. शरद चौधरी और संयोजक डॉ. रूपेश कुमार ने कलश यात्रा में सहयोग देने वाले श्रद्धालुओं, नगरवासियों तथा पुलिस, स्वास्थ्य विभाग और जिला प्रशासन का आभार व्यक्त किया। साथ ही उन्होंने अधिक से अधिक श्रद्धालुओं से श्रीराम कथा के श्रवण के लिए पधारने की अपील की है।

आयोजन समिति के अनुसार कथा स्थल पर श्रद्धालुओं के लिए निःशुल्क पार्किंग की व्यवस्था की गई है, जबकि व्यवस्था बनाए रखने के लिए श्रीराम सेवक दल और रानी लक्ष्मीबाई स्पोर्ट्स क्लब के सदस्य भी सेवा में तैनात रहेंगे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Amar Nath Sharma

Share this story