किशनगंज में सजेगी चालों का महाकुंभ, 3 मई को होगा सर्वत्र शतरंज टूर्नामेंट
किशनगंज, 30 अप्रैल (हि.स.)। जिले में बौद्धिक खेलों को बढ़ावा देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल के तहत आगामी 3 मई को सर्वत्र शतरंज किशनगंज फीडे रैपिड रेटिंग शतरंज टूर्नामेंट का आयोजन किया जाएगा।
यह प्रतियोगिता किशनगंज चेस क्लब के तत्वावधान में आयोजित होगी, जिसे बिहार चेस एसोसिएशन और ऑल इंडिया चेस फेडरेशन से मान्यता प्राप्त है। आयोजन को लेकर जिले में उत्साह का माहौल है। प्रतियोगिता में अब तक 100 से अधिक खिलाड़ियों ने पंजीकरण कराया है। इनमें बिहार के अलावा पश्चिम बंगाल, झारखंड, असम और सिक्किम के खिलाड़ी भी शामिल हैं, जिससे यह टूर्नामेंट अंतरराज्यीय स्वरूप ले चुका है।
आयोजकों के अनुसार, प्रतियोगिता की खासियत यह है कि इसमें रेटेड और अनरेटेड दोनों प्रकार के खिलाड़ियों को भाग लेने का अवसर दिया जा रहा है। इससे अनुभवी खिलाड़ियों को अपनी रेटिंग सुधारने का मौका मिलेगा, वहीं नए खिलाड़ियों को प्रतिस्पर्धात्मक माहौल में अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर मिलेगा। क्लब के सचिव सुबेंधू चक्रबर्ती ने बताया कि इस आयोजन का मुख्य उद्देश्य जिले में शतरंज को बढ़ावा देना और स्थानीय प्रतिभाओं को मंच प्रदान करना है।
उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन युवाओं में तार्किक सोच, एकाग्रता और सकारात्मक प्रतिस्पर्धा की भावना को विकसित करते हैं। प्रतियोगिता का आयोजन श्री जैन तेरापंथ भवन, कैलटैक्स चौक, किशनगंज में किया जाएगा। प्रतिभागियों की रिपोर्टिंग सुबह 9 बजे से होगी, जबकि प्रथम राउंड सुबह 10 बजे से प्रारंभ होगा। प्रतियोगिता में कुल ₹51,000 की इनामी राशि के साथ विभिन्न श्रेणियों में ट्रॉफियां भी प्रदान की जाएंगी। आयोजकों ने बताया कि पंजीकरण की अंतिम तिथि 1 मई निर्धारित की गई है और सीटें सीमित हैं। ऐसे में इच्छुक खिलाड़ियों से समय रहते पंजीकरण कराने की अपील की गई है।
जिले में पहली बार इस स्तर के आयोजन से शतरंज के प्रति युवाओं का रुझान बढ़ने की उम्मीद जताई जा रही है। यह प्रतियोगिता न केवल खिलाड़ियों के लिए अपनी प्रतिभा दिखाने का मंच बनेगी, बल्कि किशनगंज को राज्य और राष्ट्रीय स्तर पर नई पहचान भी दिलाएगी।
हिन्दुस्थान समाचार / धर्मेन्द्र सिंह

