ग्राम सभा व रिफॉर्म उत्सव की तैयारियों को लेकर डीडीसी ने की समीक्षा,  अधिकारियों को दिए निर्देश

WhatsApp Channel Join Now
ग्राम सभा व रिफॉर्म उत्सव की तैयारियों को लेकर डीडीसी ने की समीक्षा,  अधिकारियों को दिए निर्देश


सुपौल, 01 अक्टूबर (हि.स.)। जिले की सभी ग्राम पंचायतों में दो अक्टूबर को आयोजित होने वाले ग्राम सभा एवं सुधार उत्सव की तैयारियों को लेकर गुरुवार को उप विकास आयुक्त इन्द्रवीर कुमार की अध्यक्षता में वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से समीक्षा बैठक हुई। बैठक में जिले के सभी प्रखंड विकास पदाधिकारी, प्रखंड पंचायत राज पदाधिकारी, कार्यक्रम पदाधिकारी, ग्राम विकास से जुड़े पदाधिकारी सहित विभिन्न विभागों के संबंधित अधिकारी शामिल हुए।

उप विकास आयुक्त ने प्रखंडवार तैयारियों की समीक्षा करते हुए सभी अधिकारियों को विभागीय दिशा-निर्देश के अनुरूप ग्राम पंचायतों में ग्राम सभा एवं सुधार उत्सव का सफल, प्रभावी और व्यवस्थित आयोजन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि कार्यक्रम के दौरान विभाग द्वारा निर्धारित गतिविधियों को प्राथमिकता के आधार पर पूरा कराया जाए। अधिकारी अपने-अपने क्षेत्र में तैयारियों की लगातार निगरानी करें, ताकि आयोजन के दिन किसी प्रकार की अव्यवस्था नहीं हो। उन्होंने ग्राम सभा एवं सुधार उत्सव के दौरान होने वाली सभी गतिविधियों का समुचित दस्तावेजीकरण कराने का भी निर्देश दिया। कार्यक्रम से संबंधित आवश्यक जानकारी और अभिलेख व्यवस्थित रूप से संधारित करने तथा निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार रिपोर्ट भेजने को कहा गया। बैठक में पंचायत स्तर पर संबंधित पदाधिकारियों एवं कर्मियों को आपसी समन्वय से कार्य करने और जनप्रतिनिधियों के सहयोग से ग्राम सभा को व्यवस्थित तरीके से आयोजित कराने पर जोर दिया गया।

उप विकास आयुक्त ने कहा कि ग्राम सभा ग्रामीण विकास योजनाओं और स्थानीय जरूरतों से जुड़े विषयों पर चर्चा का महत्वपूर्ण मंच है। इसलिए इसके आयोजन में पूरी गंभीरता और जिम्मेदारी बरती जाए। बैठक में जिला ग्रामीण विकास अभिकरण के निदेशक, जिला कार्यक्रम पदाधिकारी, अपर जिला पंचायत राज पदाधिकारी, कार्यपालक अभियंता, जिला स्वच्छता समन्वयक सहित अन्य संबंधित पदाधिकारी उपस्थित थे।

हिन्दुस्थान समाचार / विनय कुमार मिश्र

Share this story