'पंचायत विकास दिवस' पर विशेष ग्राम सभा आयोजित, 'जल पर्याप्त पंचायत' और बाल विवाह रोकथाम पर हुआ मंथन
कटिहार, 29 नवंबर (हि.स.)। जिले क कोढ़ा प्रखंड अंतर्गत ग्राम पंचायत राज फुलवरिया में रविवार को मुखिया कुमारी रूबी की अध्यक्षता में ‘पंचायत विकास दिवस’ से संबंधित विशेष ग्राम सभा का आयोजन किया गया। उप विकास आयुक्त-सह-प्रभारी जिला पदाधिकारी, कटिहार के मार्गदर्शन में आयोजित इस ग्राम सभा में ग्रामीणों के समक्ष ई-ग्राम स्वराज पोर्टल पर प्राप्त 15वें वित्त आयोग तथा ई-पंचायत पोर्टल पर प्राप्त षष्ठम राज्य वित्त आयोग की प्राप्त, व्यय एवं अवशेष राशि की विवरणी पारदर्शी रूप से प्रस्तुत की गई। साथ ही वित्तीय वर्ष 2026-27 हेतु ग्राम पंचायत विकास योजना (जीपीडीपी) निर्माण के संदर्भ में सतत विकास लक्ष्यों के स्थानीयकरण (एलएसडीजी) के विषय-4 ‘जल पर्याप्त पंचायत’ पर गहन विचार-विमर्श करते हुए संबंधित योजनाओं के चयन एवं क्रियान्वयन की रूपरेखा तय की गई।
मुखिया के स्वागत संबोधन के साथ शुरू हुई सभा में विगत ग्राम सभा की कार्यवाही की समीक्षा की गई। इस दौरान बाल विवाह की रोकथाम को लेकर विशेष परिचर्चा हुई। कार्यक्रम में उपस्थित ग्रामीणों को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘मन की बात’ कार्यक्रम का सीधा प्रसारण भी दिखाया गया तथा प्रधानमंत्री द्वारा दिए गए संदेशों को पंचायत स्तर पर धरातल पर उतारने पर चर्चा की गई। वहीं, जीविका के प्रखंड परियोजना प्रबंधक ने ग्रामीण विकास विभाग द्वारा जीविका के माध्यम से संचालित योजनाओं और उनसे लाभान्वित ग्रामीणों की जानकारी साझा की।
इस अवसर पर जिला पंचायत राज पदाधिकारी, अपर जिला पंचायत राज पदाधिकारी, कोढ़ा के प्रखंड विकास पदाधिकारी (बीडीओ), प्रखंड पंचायत राज पदाधिकारी (बीपीआरओ), प्रखंड स्तरीय सभी पदाधिकारी, स्थानीय जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / विनोद सिंह

