लोकसभा में पप्पू यादव ने पूर्णिया की योजनाओं पर उठाए सवाल

WhatsApp Channel Join Now
लोकसभा में पप्पू यादव ने पूर्णिया की योजनाओं पर उठाए सवाल


पूर्णिया, 19 मार्च (हि.स.)।

लोकसभा की कार्यवाही के दौरान पूर्णिया से सांसद राजेश रंजन (पप्पू यादव) ने अपने क्षेत्र में चल रही सरकारी योजनाओं में अनियमितताओं का मुद्दा प्रमुखता से उठाया। उन्होंने धारा 377 के तहत केंद्र सरकार का ध्यान विशेष रूप से प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना और ‘नल से जल’ (जल जीवन हरियाली) योजना के क्रियान्वयन में सामने आ रही खामियों की ओर आकर्षित किया।

सांसद ने कहा कि पूर्णिया के कई ग्रामीण इलाकों में सड़क निर्माण कार्य निर्धारित तकनीकी मानकों के अनुरूप नहीं हो रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि सड़कों की मोटाई कम रखी जा रही है, कई स्थानों पर काम अधूरा है, जबकि कुछ परियोजनाओं को कागजों पर ही पूर्ण दिखाकर भुगतान कर दिया गया है। उन्होंने इसे गंभीर वित्तीय अनियमितता बताया।

‘नल से जल’ योजना पर चिंता जताते हुए उन्होंने कहा कि कई गांवों में पाइपलाइन की गुणवत्ता खराब है, मोटर काम नहीं कर रही और जहां पानी पहुंच भी रहा है, वह पीने योग्य नहीं है। उन्होंने इसे ग्रामीणों के स्वास्थ्य के साथ गंभीर लापरवाही बताया।

सांसद ने इन समस्याओं के पीछे स्थानीय स्तर पर ठेकेदारों और अधिकारियों की मिलीभगत की आशंका जताई। उन्होंने कहा कि इससे न केवल सरकारी धन का दुरुपयोग हो रहा है, बल्कि आम लोगों को बुनियादी सुविधाओं से भी वंचित रहना पड़ रहा है।

अंत में राजेश रंजन (पप्पू यादव) ने दोनों योजनाओं की उच्चस्तरीय तकनीकी और वित्तीय जांच कराने की मांग की। उन्होंने दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई और पूरी जांच रिपोर्ट लोकसभा में पेश करने की बात कही, ताकि पारदर्शिता सुनिश्चित हो सके और जनता को न्याय मिल सके।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / नंदकिशोर सिंह

Share this story