सांसद के प्रश्न पर केंद्र सरकार का जवाब, पिछले तीन वर्षों में भागलपुर को मिला 33.14 करोड़ का सीएसआर फंड

WhatsApp Channel Join Now
सांसद के प्रश्न पर केंद्र सरकार का जवाब, पिछले तीन वर्षों में भागलपुर को मिला 33.14 करोड़ का सीएसआर फंड


भागलपुर, 03 अगस्त (हि.स.)। जिले के विकास, युवाओं के रोजगार और स्थानीय उद्योगों को बढ़ावा देने के उद्देश्य से भागलपुर के सांसद अजय कुमार मंडल द्वारा लोकसभा में कॉरपोरेट कार्य मंत्रालय से कॉरपोरेट सामाजिक उत्तरदायित्व, औद्योगिक विकास तथा कंपनी पंजीकरण से जुड़े पुछे गए प्रश्न सोमवार को जवाब दिया गया।

संसद में कॉरपोरेट कार्य राज्य मंत्री हर्ष मल्होत्रा द्वारा दिए गए लिखित उत्तर में बताया गया कि पिछले तीन वर्षों में भागलपुर जिले में विभिन्न कंपनियों ने सीएसआर के तहत कुल 33.14 करोड़ खर्च किए हैं। यह राशि शिक्षा, स्वास्थ्य, आजीविका, कौशल विकास और ग्रामीण विकास जैसे महत्वपूर्ण क्षेत्रों में उपयोग की गई है।

मंत्रालय के अनुसार, इसी अवधि में पूरे बिहार में लगभग 965.67 करोड़ का सीएसआर व्यय हुआ, जिसमें भागलपुर की भी महत्वपूर्ण हिस्सेदारी रही। सांसद अजय कुमार मंडल के प्रश्न के उत्तर में केंद्र सरकार ने बताया कि व्यवसाय शुरू करने और संचालित करने की प्रक्रिया को आसान बनाने के लिए कई महत्वपूर्ण कदम उठाए गए हैं। पोर्टल के माध्यम से अब एक ही आवेदन में कंपनी पंजीकरण, बैंक खाता सहित 11 सेवाओं की सुविधा उपलब्ध है।15 लाख तक की अधिकृत पूंजी वाली नई कंपनियों के निगमन पर सरकारी शुल्क समाप्त कर दिया गया है, जिससे छोटे उद्यमियों और स्टार्ट-अप्स को लाभ मिलेगा।

वहीं सांसद अजय कुमार मंडल ने कहा कि भागलपुर मेरी कर्मभूमि है और इसके विकास के लिए मैं लगातार प्रयासरत हूँ। संसद में उठाए गए प्रश्न के जवाब से स्पष्ट है कि भागलपुर में सीएसआर निवेश लगातार बढ़ रहा है। हमारा लक्ष्य है कि इन संसाधनों का अधिकतम उपयोग शिक्षा, स्वास्थ्य, कौशल विकास और बुनियादी सुविधाओं के विस्तार में हो। हालांकि अभी भागलपुर के लिए अलग औद्योगिक क्लस्टर का प्रस्ताव मंत्रालय के स्तर पर विचाराधीन नहीं है, फिर भी मैं राज्य सरकार और केंद्र के संबंधित मंत्रालयों के साथ मिलकर सिल्क उद्योग, वस्त्र उद्योग, कृषि आधारित उद्योग तथा स्थानीय उद्यमों को बढ़ावा देने के लिए निरंतर प्रयास करता रहूँगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / बिजय शंकर

Share this story