लाइन बूढ़ी काली मंदिर के 125वें मेले को सरकार ने दी सौगात, 2.75 लाख रुपये स्वीकृत
किशनगंज, 10 नवंबर (हि.स.)। शहर के ऐतिहासिक एवं प्रसिद्ध लाइन बूढ़ी काली मंदिर में आयोजित होने वाले 125वें काली पूजा मेले की तैयारियों को लेकर बिहार सरकार ने बड़ी सौगात दी है। वित्तीय वर्ष 2026-27 के तहत राज्य सरकार ने काली पूजा मेला-2026 के आयोजन एवं आवश्यक व्यवस्थाओं के लिए 2 लाख 75 हजार रुपये की राशि स्वीकृत की है।
राजस्व एवं भूमि सुधार विभाग के मंत्री डॉ. दिलीप कुमार जायसवाल की ओर से इस संबंध में प्रशासनिक एवं वित्तीय स्वीकृति प्रदान की गई है।सरकारी राशि मिलने से मेले के आयोजन और श्रद्धालुओं की सुविधा से जुड़ी व्यवस्थाओं को बेहतर बनाने का रास्ता साफ हुआ है। विभाग की ओर से जारी स्वीकृति आदेश में स्पष्ट किया गया है कि आवंटित राशि का उपयोग केवल काली पूजा मेला-2026 के आयोजन तथा उससे संबंधित आवश्यक व्यवस्थाओं पर ही किया जाएगा। इस राशि को किसी अन्य कार्य में खर्च करने की अनुमति नहीं होगी।
राशि की निकासी एवं व्यय की जिम्मेदारी संबंधित समाहर्ता, अपर समाहर्ता और निकासी एवं व्ययन पदाधिकारी को सौंपी गई है। आदेश के मुताबिक, स्वीकृत राशि का आवंटन सीएफएमएस 2.0 के माध्यम से किया जाएगा। इसके खर्च में वित्त विभाग के दिशा-निर्देशों एवं निर्धारित विभागीय प्रावधानों का पालन अनिवार्य होगा। साथ ही खर्च की गई राशि का उपयोगिता प्रमाण पत्र तीन महीने के भीतर विभाग को उपलब्ध कराना होगा।
लाइन बूढ़ी काली मंदिर किशनगंज की ऐतिहासिक और धार्मिक पहचान का महत्वपूर्ण केंद्र है। यहां प्रत्येक वर्ष काली पूजा के अवसर पर भव्य मेला आयोजित होता है, जिसमें जिले के अलावा आसपास के क्षेत्रों से भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचते हैं। इस वर्ष मेले के 125वें आयोजन को लेकर श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों में विशेष उत्साह है। स्वीकृति आदेश की प्रतिलिपि पूर्णिया प्रमंडल के आयुक्त, किशनगंज के समाहर्ता एवं संबंधित कोषागार पदाधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के लिए भेज दी गई है।
हिन्दुस्थान समाचार / धर्मेन्द्र सिंह

