24 नवंबर को पर्व-त्योहार की तरह मनाया जाएगा सुशासन दिवस : प्रभारी मंत्री

WhatsApp Channel Join Now
24 नवंबर को पर्व-त्योहार की तरह मनाया जाएगा सुशासन दिवस : प्रभारी मंत्री


किशनगंज, 24 नवंबर (हि.स.)। शहर के खगड़ा स्थित सम्राट अशोक भवन में मंगलवार को जनता दल यूनाइटेड की ओर से सुशासन दिवस कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्घाटन जिले के प्रभारी मंत्री शैलेश कुमार उर्फ बुलो मंडल, विधायक गोपाल कुमार अग्रवाल और जदयू जिलाध्यक्ष फैसल अहमद सहित अन्य नेताओं ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए प्रभारी मंत्री शैलेश कुमार ने कहा कि पार्टी ने निर्णय लिया है कि प्रत्येक वर्ष 24 नवंबर को पर्व-त्योहार की तरह सुशासन दिवस मनाया जाएगा।

उन्होंने कहा कि 24 नवंबर 2005 को नीतीश कुमार के नेतृत्व में बिहार में एनडीए की पहली सरकार बनी थी। यह दिन केवल सत्ता परिवर्तन का नहीं, बल्कि बिहार की तस्वीर और तकदीर बदलने की शुरुआत का प्रतीक है। इसी ऐतिहासिक दिन को याद करते हुए पूरे प्रदेश में सुशासन दिवस मनाया जा रहा है। मंत्री ने अपने संबोधन में राजद शासनकाल पर निशाना साधते हुए भागलपुर दंगे का जिक्र किया।

उन्होंने आरोप लगाया कि राजद के शासनकाल में भागलपुर में मुस्लिम समुदाय के लोगों का कत्लेआम हुआ था। एनडीए सरकार बनने के बाद दंगे से जुड़ी फाइलें दोबारा खुलवाई गईं और दोषियों को सजा दिलाने की दिशा में कार्रवाई की गई। उन्होंने कहा कि पिछले 20 वर्षों में बिहार में विकास के कई महत्वपूर्ण कार्य हुए हैं। किशनगंज में डॉ. कलाम कृषि महाविद्यालय की स्थापना के साथ सड़क, बिजली और पेयजल के क्षेत्र में उल्लेखनीय काम किए गए हैं। सरकार ने विकास को प्राथमिकता देते हुए आम लोगों के जीवन में बदलाव लाने का प्रयास किया है। इस अवसर पर एलईडी स्क्रीन के माध्यम से बिहार सरकार के पिछले 20 वर्षों की उपलब्धियों पर आधारित फिल्म भी प्रदर्शित की गई। इसके जरिए लोगों को सरकार की विकास योजनाओं और उपलब्धियों से अवगत कराया गया। जदयू जिलाध्यक्ष फैसल अहमद ने कहा कि सुशासन दिवस मनाने का मुख्य उद्देश्य सरकार के 20 वर्षों के विकास कार्यों और उपलब्धियों को आम लोगों तक पहुंचाना है। कार्यक्रम में जदयू नेता डॉ. राशिद मजहरी, बुलंद अख्तर हाशमी, जय नारायण यादव सहित बड़ी संख्या में पार्टी नेता एवं कार्यकर्ता मौजूद थे।

हिन्दुस्थान समाचार / धर्मेन्द्र सिंह

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

782440 Articles

Share this story